यूएस ओपन के तीसरे राउंड में एलिस मर्टेंस को हराने के बाद जापान की स्टार टेनिस नाओमी ओसाका ने अपनी एच्लीस (टखने के पीछे की नस) की चोट के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि यह चोट उन्हें ग्रास सीजन से ही परेशान कर रही है और अब भी पूरी तरह ठीक नहीं हुई है।
दो बार की यूएस ओपन चैंपियन ओसाका ने कहा कि यह चोट लगातार परेशानी पैदा कर रही है, लेकिन वह इसके बावजूद कोर्ट पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रही हैं। लुइस आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में 13वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ओसाका का मुकाबला 23वीं वरीयता प्राप्त बेल्जियन खिलाड़ी से हुआ, जिसमें उन्हें कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। तीसरे सेट में 2-4 से पिछड़ने और एक ब्रेक से पीछे होने के बाद उन्होंने वापसी की और मुकाबले को 6-3, 3-6, 7-5 से अपने नाम किया। इस दौरान उन्हें मेडिकल टाइमआउट की भी जरूरत पड़ी।
एटीपी के अनुसार, मर्टेंस पर जीत के बाद ओसाका ने कहा, "मैं यह नहीं कहूंगी कि यह कोई बहुत बड़ी चोट है, लेकिन ग्रास सीजन से ही मैं इससे जूझ रही हूं। यह एक ऐसी तकलीफ है जो हमेशा बनी रहती है और कभी पूरी तरह ठीक नहीं होती।" उन्होंने तीसरे सेट में वापसी की और मेडिकल टाइमआउट लेने से पहले 3-4 के स्कोर पर अपनी सर्विस बचाए रखी। छोटे से ब्रेक के दौरान फिजियो ने जापानी खिलाड़ी की बाईं पिंडली का इलाज किया।