सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वो क्यों टी20 क्रिकेट के बादशाह माने जाते हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने लगातार 14वीं बार 25+ रन बनाकर टी20 क्रिकेट में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। इसी पारी के दौरान उन्होंने आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। सूर्या अब एक ही सीज़न में मुंबई के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ भी बन गए हैं।

Advertisement

मुंबई इंडियंस के लिए IPL 2025 एक बार फिर सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाज़ी का सीजन बन गया है। सोमवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्होंने बल्ले से इतिहास रच दिया। सूर्या ने 39 गेंदों पर 57 रन की पारी खेलते हुए इस सीजन में अपने 640 रन पूरे किए और MI के लिए किसी एक सीजन में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए। इससे पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 2010 में 618 रन बनाए थे।

Advertisement

आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा रन:

  • सूर्यकुमार यादव – 640 रन (2025)
  • सचिन तेंदुलकर – 618 रन (2010)
  • सूर्यकुमार यादव – 605 रन (2023)
  • सचिन तेंदुलकर – 553 रन (2011)
  • लेंडल सिमंस – 540 रन (2015)

लेकिन सूर्या यहीं नहीं रुके। उन्होंने IPL में दूसरी बार 600+ रन बनाने वाले पहले MI खिलाड़ी बनने का गौरव भी हासिल किया है। इससे पहले उन्होंने 2023 में 605 रन बनाए थे।

इस पारी के दौरान सूर्या ने एक और बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने लगातार 14वीं बार टी20 में 25 या उससे ज़्यादा का स्कोर बनाकर साउथ अफ्रीका के टेम्बा बावुमा को पीछे छोड़ दिया। ये कारनामा उन्होंने काइल जैमीसन की गेंद पर डीप स्क्वायर लेग के ऊपर शानदार छक्का लगाकर किया।

इस सीजन में सूर्या का फॉर्म गज़ब का रहा है। उन्होंने अब तक 29, 48, 27*, 67, 28, 40, 26, 68*, 40*, 54, 48*, 35, 73* और अब 57 रन बनाए हैं। इसी शानदार प्रदर्शन की बदौलत मुंबई इंडियंस न सिर्फ प्लेऑफ में पहुंची, बल्कि टॉप-2 की रेस में भी बनी हुई है।

Advertisement

इतना ही नहीं, सूर्या ने IPL 2025 में मुंबई इंडियंस की ओर से एक सीजन में सबसे ज़्यादा छक्के (33*) लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है, जो पहले सनथ जयसूर्या के नाम था (31 छक्के, 2008 में)।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार