IPL 2026, Kolkata Knight Riders vs Lucknow Super Giants Highlights: आईपीएल 2026 के इस रोमांचक मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 3 विकेट से हरा दिया। 182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए LSG ने आखिरी गेंद पर जीत हासिल की। 21 साल के मुकुल चौधरी ने नाबाद 54 रन की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख पलट दिया।
गुरुवार (9 अप्रैल) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए IPL 2026 के 15वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत ठीक ठाक रही। हालांकि फिन एलन 9 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए, लेकिन टीम ने पावरप्ले में 56 रन जोड़ लिए। इसके बाद अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी ने दूसरे विकेट के लिए 84 रन की अहम साझेदारी की।
रहाणे ने 24 गेंदों में 41 रन बनाए, जबकि रघुवंशी ने 33 गेंदों में 45 रन की पारी खेली। वहीं पांचवे विकेट के लिए कैमरून ग्रीन (32*) और रॉवमैन पॉवेल (39*) ने 70 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम को 20 ओवर में 181 रन तक पहुंचाया।
लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से गेंदबाजी में मणिमारन सिद्धार्थ, आवेश खान, दिग्वेश राठी और प्रिंस यादव ने 1-1 विकेट हासिल किया।
182 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। मिचेल मार्श (15), एडेन मार्कराम (22), ऋषभ पंत (10) और निकोलस पूरन (13) सस्ते में आउट हो गए। लेकिन आयुष बदोनी ने 34 गेंदों में 54 रन बनाकर टीम को संभाला। इसके बाद 21 साल के मुकुल चौधरी ने कमाल कर दिया। उन्होंने 27 गेंदों में नाबाद 54 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। आखिरी ओवर में LSG को जीत के लिए 14 रन चाहिए थे और मुकुल चौधरी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को आखिरी गेंद पर जीत दिला दी।
KKR की ओर से वैभव अरोड़ा और अनुकूल रॉय ने 2-2 विकेट लिए, जबकि सुनील नारायण, कार्तिक त्यागी और कैमरून ग्रीन को 1-1 सफलता मिली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह लखनऊ सुपर जायंट्स ने रोमांचक मुकाबले में 3 विकेट से जीत दर्ज की और अंकतालिका में 4 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गई, जबकि KKR को उसके चौथे मुकाबले में तीसरी हार का सामना करना पड़ा और 1 अंक के साथ 9वें पायदान पर बनी हुई है।