IND vs NZ 1st ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का आगाज हो रहा है। दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला मैच बुधवार (4 नवंबर) को ऑकलैंड के ईडन पार्क स्टेडियम में में खेला जाएगा। इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस के बीच उत्साह है। वहीं, मैच से पहले पूर्व भारतीय बल्लेबाज और मौजूदा हिंदी क्रिकेट कमेंटेटर आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) ने अपनी पसंदीदा भारतीय प्लेइंग इलेवन का चयन किया है।
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए वीडियो में पहले वनडे के लिए अपनी टीम बताई। उन्होंने पारी की शुरुआत के लिए कप्तान शुभमन गिल के साथ रोहित शर्मा को चुना है। वहीं, तीसरे नंबर पर विराट कोहली और चौथे नंबर पर श्रेयस अय्यर को जगह दी है। केएल राहुल को उन्होंने पांचवें नंबर पर विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर अपनी टीम में शामिल किया है।
चोपड़ा ने छठे नंबर पर नितीश कुमार रेड्डी को चुना है, जबकि सातवें नंबर पर अक्षर पटेल को रखा है। इसके बाद उनके चयन में सबसे दिलचस्प नाम अंशुल कंबोज का रहा, जिन्हें उन्होंने आठवें नंबर पर मौका दिया है। चोपड़ा का मानना है कि अंशुल को आकिब नबी से पहले टीम में शामिल किया जाना चाहिए।
अंशुल कंबोज को चुनने की वजह बताते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा कि उनमें बल्लेबाजी करने की क्षमता भी है और वह अच्छी गेंदबाजी भी कर सकते हैं। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि पेस के मामले में भी वह आकिब नबी से थोड़ा आगे नजर आते हैं। चोपड़ा के मुताबिक, अंशुल भविष्य में हर्षित राणा के बैकअप विकल्प के तौर पर भी टीम के काम आ सकते हैं।
चोपड़ा ने यह भी बताया कि अंशुल कंबोज के आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने की क्षमता होने से भारतीय टीम को एक मुख्य स्पिनर के रूप में कुलदीप यादव को खिलाने का विकल्प मिल सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कुलदीप को नौवें नंबर पर रखा है। वहीं, मुख्य तेज गेंदबाज के रूप में मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह को चुना है।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह आकाश चोपड़ा की प्लेइंग इलेवन में रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, अंशुल कंबोज, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह शामिल हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम मैनेजमेंट पहले वनडे में किस प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतरता है।