India vs Afghanistan, Dharamshala ODI: भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। इस मैच से पहले पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने अपनी पसंदीदा भारतीय प्लेइंग इलेवन चुनी है।
भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के साथ 50 ओवर के क्रिकेट में वापसी करने जा रही है। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला शनिवार (13) जून को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर अपनी पसंदीदा भारतीय प्लेइंग इलेवन का चयन किया है।
आकाश ने रोहित शर्मा और शुभमन गिल को ओपनिंग की जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि यही जोड़ी भारत की पहली पसंद होनी चाहिए। विराट कोहली की गैरमौजूदगी में उन्होंने नंबर-3 के लिए ईशान किशन को इस स्थान पर चुना है। चोपड़ा का मानना है कि ईशान को मध्यक्रम में बल्लेबाजी का मौका दिया जाना चाहिए ताकि वह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मैच पर प्रभाव डाल सकें।
मिडिल ऑर्डर में उन्होंने श्रेयस अय्यर को नंबर-4 और केएल राहुल को नंबर-5 पर रखा है। वहीं हार्दिक पांड्या की उपलब्धता को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच आकाश चोपड़ा ने नंबर-6 पर नितीश कुमार रेड्डी को जगह दी है। नंबर-7 पर वॉशिंगटन सुंदर को शामिल किया गया है, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों से टीम को संतुलन देते हैं।
गेंदबाजी विभाग में चोपड़ा ने कुलदीप यादव को एकमात्र स्पेशलिस्ट स्पिनर के रूप में चुना है। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह के कंधों पर होगी। हालांकि उनकी टीम का सबसे दिलचस्प नाम युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव हैं। 24 वर्षीय प्रिंस को लेकर चोपड़ा का मानना है कि उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है।
Also Read: LIVE Cricket Score
पहले वनडे के लिए आकाश चोपड़ा की पसंदीदा भारतीय प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा, शुभमन गिल, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव।