भारत और अफगानिस्तान के क्रिकेट रिश्तों में जल्द ही एक नया अध्याय जुड़ सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) पहली बार भारत के खिलाफ किसी द्विपक्षीय सीरीज की मेजबानी करने जा रहा है। खास बात यह है कि यह सीरीज भारत में ही खेली जाएगी, लेकिन आधिकारिक तौर पर मेजबान अफगानिस्तान रहेगा।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेली जा सकती है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुकाबले 13, 16 और 19 सितंबर को आयोजित किए जाएंगे। हालांकि अभी तक इस सीरीज का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत दौरे के बदले में बीसीसीआई से रिटर्न सीरीज का अनुरोध किया था। इसी महीने भारत अफगानिस्तान की मेजबानी करने वाला है, जिसमें एकमात्र टेस्ट मैच और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद दोनों बोर्डों के बीच टी20 सीरीज को लेकर सहमति बनी है।
बीसीसीआई पहले भी आयरलैंड, श्रीलंका और जिम्बाब्वे जैसे देशों की क्रिकेट को मजबूत करने के लिए भारतीय टीम को वहां सीरीज खेलने भेजता रहा है। इसी तरह अफगानिस्तान क्रिकेट को भी सहयोग देने की दिशा में यह कदम उठाया जा रहा है।
अफगानिस्तान पहले भी भारत में अपनी घरेलू सीरीज आयोजित कर चुका है। साल 2017 में उसने ग्रेटर नोएडा में आयरलैंड के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज खेली थी। इसके बाद 2018 में देहरादून में बांग्लादेश की मेजबानी की थी। वहीं 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रेटर नोएडा में खेला जाने वाला एकमात्र टेस्ट मैच बारिश और खराब आउटफील्ड के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया था।
भारत जैसी बड़ी क्रिकेट टीम की मेजबानी करना अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लिए बड़ी उपलब्धि हो सकता है। भारतीय टीम जहां भी खेलती है, वहां दर्शकों और प्रसारण से जुड़ी कमाई में बड़ा इजाफा होता है। ऐसे में यह सीरीज अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए आर्थिक और प्रतिष्ठा दोनों लिहाज से काफी अहम साबित हो सकती है।
Also Read: LIVE Cricket Score
गौरतलब है कि यह टी20 सीरीज एशियन गेम्स 2026 से ठीक पहले खेली जाएगी। एशियन गेम्स का आयोजन 23 सितंबर से शुरू होना है, ऐसे में इस सीरीज को दोनों टीमों की तैयारियों के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण देखा जा सकता है।