चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हुए मुकाबले के दौरान संजू सैमसन और हेनरिक क्लासेन के बीच हुई तीखी बहस ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि अब दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे के लिए सम्मान दिखाकर मामला खत्म कर दिया है।
चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच सोमवार (18 मई) को खेले गए आईपीएल 2026 मे मुकाबले के दौरान भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन और साउथ अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन के बीच हुई ऑन-फील्ड बहस काफी चर्चा में रही थी।
दरअसल, यह पूरा मामला SRH की पारी के 15वें ओवर के दौरान हुआ था। उस समय मुकाबला काफी रोमांचक मोड़ पर था और क्लासेन 47 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। नूर अहमद की गेंद पर संजू सैमसन ने तेजी दिखाते हुए क्लासेन को स्टंप आउट कर दिया। आउट होने के बाद क्लासेन और संजू के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जिसने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं।
हालांकि अब ऐसा लग रहा है कि दोनों खिलाड़ियों ने उस विवाद को पीछे छोड़ दिया है। संजू सैमसन ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर क्लासेन के साथ एक तस्वीर शेयर की, जिसमें दोनों खिलाड़ी गले मिलते नजर आए। इस तस्वीर के साथ संजू ने लिखा, “मैदान पर ऐसी चीजें होती रहती हैं, लेकिन मैदान के बाहर इस शानदार इंसान के लिए बहुत प्यार और सम्मान है।”
संजू के इस पोस्ट का जवाब भी क्लासेन ने बेहद शानदार अंदाज में दिया। उन्होंने लिखा, “बहुत सारा प्यार और सम्मान भाई। तुम्हें खेलते देखना हमेशा पसंद आता है। ऐसे ही खेलते रहो। सब ठीक है। अगली भिड़ंत का इंतजार रहेगा।”
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि मैच में बाजी सनराइजर्स हैदराबाद के हाथ लगी। पैट कमिंस की कप्तानी वाली SRH ने 181 रन का लक्ष्य 19 ओवर में हासिल करते हुए 5 विकेट से मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ हैदराबाद ने प्लेऑफ में अपनी जगह भी लगभग पक्की कर ली। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह हार काफी भारी रही। टीम अब भी गणितीय रूप से प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है, लेकिन उन्हें अपने आखिरी लीग मैच में गुजरात टाइटंस को हराने के साथ-साथ दूसरे मुकाबलों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा।