कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2026) का चौथा मुकाबला बुधवार (12 अगस्त) को जमैका के सबीना पार्क में जमैका किंग्समेन (Jamaica Kingsmen) और बारबाडोस ट्राइडेंट्स (Barbados Tridents) के बीच खेला गया। इस मुकाबले में जमैका किंग्समेन के लिए वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल (Andre Russell) ने बल्ले से तूफान मचा दिया। उनकी टीम भले ही मुकाबला 5 रन से हार गई, लेकिन रसेल ने अपनी विस्फोटक पारी के दौरान टी20 क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली।
दरअसल, 207 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमैका किंग्समेन की पारी के दौरान 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे रसेल ने सिर्फ 38 गेंदों में 68 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 9 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। इसी दौरान उन्होंने टी20 क्रिकेट में छक्कों का एक बड़ा आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया।
आंद्रे रसेल ने इस मुकाबले में 9 छक्के लगाकर टी20 क्रिकेट में अपने 800 छक्के पूरे कर लिए। अब उनके नाम 603 टी20 मुकाबलों में कुल 801 छक्के दर्ज हो चुके हैं। इसके साथ ही रसेल टी20 क्रिकेट में 800 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले अभी तक उनकी ही टीम के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल और ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड यह आंकड़ा पार कर पाए हैं।
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
- क्रिस गेल – 1056 छक्के, 463 मैच
- कीरोन पोलार्ड – 1001 छक्के, 746 मैच
- आंद्रे रसेल – 801 छक्के, 603 मैच
- निकोलस पूरन – 776 छक्के, 475 मैच
- जोस बटलर – 650 छक्के, 524 मैच
Also Read: LIVE Cricket Score
इतना ही नहीं, रसेल ने अपनी इस विस्फोटक 68 रन की पारी के दौरान CPL में 2000 रन भी पूरे कर लिए। इस उपलब्धि के साथ रसेल CPL इतिहास के ऐसे इकलौते खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में 2000 से ज्यादा रन बनाने के साथ 100 से ज्यादा विकेट भी अपने नाम किए हैं।