Women's T20 World Cup 2026, South Africa Women vs Bangladesh Women: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के इस अहम मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश को 4 विकेट से हरा दिया। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 117 रन बनाए थे, जिसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने 19.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा है, जबकि भारत के लिए अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत जरूरी हो गई है।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लीग चरण का 29वां मुकाबला रविवार (28 जून) को साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम, लंदन में खेला गया। इस मुकाबले में बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज जुऐरिया फिरदौस बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं, जबकि ताज नेहर सिर्फ 1 रन ही बना सकीं। शुरुआती झटकों के बाद शोभना मोस्टोरी ने पारी को संभाला और शर्मिन अख्तर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 62 गेंदों में 56 रन की साझेदारी की।
शोभना मोस्टोरी ने 48 गेंदों में 42 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि शर्मिन अख्तर ने 29 गेंदों में 22 रन का योगदान दिया। आखिरी ओवरों में कप्तान निगार सुल्ताना ने 20 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए, जिसकी बदौलत बांग्लादेश ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 117 रन बनाए।
साउथ अफ्रीका की ओर से गेंदबाजी में नॉनकुलुलेको ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि मारिजैन कप्प, शबनीम इस्माइल और नादिन डी क्लार्क को 1-1 सफलता मिली।
118 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। कप्तान लौरा वोलवार्ड बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गईं। इसके बाद ताज़मिन ब्रित्स और एनेरी डर्कसेन ने दूसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 52 रन जोड़कर टीम को संभाला।
ताज़मिन ब्रित्स ने 24 गेंदों में 20 रन बनाए, जबकि एनेरी डर्कसेन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 45 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद मारिज़ानै कप्प (16 रन) और नादिन डी क्लार्क (15 रन) ने अहम पारियां खेलीं, जिससे साउथ अफ्रीका ने आखिरी ओवर में 4 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
बांग्लादेश की ओर से गेंदबाजी में नाहिदा अख्तर ने 2 विकेट झटके। वहीं मारुफा अख्तर, शंजीदा अख्तर मेघला और रितु मोनी को 1-1 सफलता मिली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने अपने आखिरी लीग मैच में जीत दर्ज करते हुए 8 अंकों के साथ ग्रुप-ए की अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है और सेमीफाइनल की उम्मीदों को बरकरार रखा है। अब भारत अगर अपने आखिरी लीग मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से हार जाता है तो साउथ अफ्रीका ऑस्ट्रेलिया के बाद इस ग्रुप से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन जाएगी।