विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 की नीलामी में बुधवार को ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिन्यू सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं, जिन्हें यूपी वॉरियर्स (यूपीडब्ल्यू) ने 1.10 करोड़ रुपए में अपने सााथ जोड़ा। वहीं, चामरी अट्टापट्टू जैसी दिग्गज खिलाड़ी 'अनसोल्ड' रहीं। कोच्चि में आयोजित मिनी ऑक्शन में कुल 25 खिलाड़ियों पर बोली लगी।

यूपीडब्ल्यू ने सर्वाधिक आठ खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया। वहीं, मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शुरुआत में सोफी को हासिल करने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने के बाद उन्होंने नीलामी के अंतिम चरणों में कुछ खिलाड़ियों को खरीदा।

साल 2024 में खिताब जीतने वाली आरसीबी टीम का हिस्सा रहीं सोफी डब्ल्यूपीएल 2026 में नहीं खेल पाई थीं, लेकिन इस बार 50 लाख रुपए के बेस प्राइस के साथ नीलामी में उतरीं। आरसीबी ने उन्हें खरीदने के लिए यूपीडब्ल्यू को 1.05 करोड़ रुपए तक की बोली लगाने पर मजबूर कर दिया, लेकिन फिर वे पीछे हट गए, क्योंकि नीलामी की शुरुआत में आरसीबी के पास केवल 1.15 करोड़ रुपए का बजट था।

लेफ्ट-आर्म स्पिन ऑलराउंडर सोफी ने इंग्लैंड में 2026 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करते हुए टीम को जीत दिलाई थी। वह हाल ही में हिप इंजरी से उबरने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में लौटी हैं।

वहीं, दिल्ली कैपिटल्स ने भारत की आक्रामक बल्लेबाज किरण नवगिरे को 75 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ा। इसके लिए उनका मुंबई इंडियंस के साथ कड़ा मुकाबला हुआ, जो 70 लाख रुपए की बोली के बाद पीछे हट गई। गुजरात जायंट्स ने युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज जी. कमलिनी को उनके 40 लाख रुपए के बेस प्राइस पर अपने साथ जोड़ा। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2025 की विजेता कमलिनी के लिए किसी और टीम ने बोली नहीं लगाई। वे हाल ही में सीनियर टीम के साथ एशिया कप और एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल भी जीत चुकी हैं।

सोफी के अलावा, यूपीडब्ल्यू ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्रेस हैरिस को भी अपनी टीम में फिर से शामिल किया है। हैरिस ने 2023 में यूपीडब्ल्यू के साथ ही अपने डब्ल्यूपीएल करियर की शुरुआत की थी और 2026 में आरसीबी के साथ खिताब जीता था। उन्होंने भारत की ऑफ-स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर स्नेह राणा और अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज सुषमा वर्मा को भी साइन किया है; इन दोनों में से प्रत्येक को 30 लाख रुपए में खरीदा गया है।

यूपीडब्ल्यू ने स्कॉटलैंड की ऑलराउंडर कैथरीन ब्राइस और अनकैप्ड ऑलराउंडर मनाली दक्षिणी और सहाना पवार को भी 10-10 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया। उन्होंने लेग-स्पिनर आशा शोभना को 30 लाख रुपए में वापस अपने साथ जोड़ा।

हालांकि, यूपीडब्ल्यू की इस खरीदारी ने उनके सामने खिलाड़ियों के चयन को लेकर एक पहेली खड़ी कर दी है। मेग लैनिंग टीम की कप्तानी करेंगी और फोएबे लिचफील्ड का टॉप ऑर्डर में खेलना लगभग तय है। ऐसे में सोफी, ग्रेस और इंग्लैंड की बाएं हाथ की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन के बीच बाकी बची दो विदेशी खिलाड़ियों की जगह के लिए मुकाबला हो सकता है।

आरसीबी ने 'एक्सेलरेटेड राउंड' तक किसी भी खिलाड़ी के लिए बोली नहीं लगाई थी, उसने ऑस्ट्रेलिया की बाएं हाथ की स्पिन ऑलराउंडर जेस जोनासेन को उनके बेस प्राइस 40 लाख रुपए में खरीदकर अपनी खरीदारी शुरू की। इसके बाद उन्होंने भारतीय बल्लेबाज तेजल हसबनीस और साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर क्लो ट्रायॉन को 30-30 लाख रुपए में, तथा बेंगलुरु की बल्लेबाज वृंदा दिनेश को 10 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया। डिफेंडिंग चैंपियन पर खिलाड़ी खरीदने का कोई खास दबाव नहीं था। जेस और क्लो के आने से उनके पास विदेशी खिलाड़ियों के विकल्प और मजबूत हो गए हैं।

मुंबई इंडियंस (एमआई) ने युवा खिलाड़ियों पर ध्यान देते हुए छह अनकैप्ड खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया। विदर्भ की साथी खिलाड़ी दिशा कसात और लतिका इनामदार को 10-10 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ा है। एमआई की अन्य साइनिंग्स में दिल्ली की बाएं हाथ की स्पिनर भारती रावल, 2025 अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता सानिका चालके और 19 साल की ऑलराउंडर अक्षिता भगत शामिल हैं। अक्षिता 'डब्ल्यूपीएल स्पीड क्वीन अंडर-23' प्रतियोगिता की विजेता रही हैं और हाल ही में भारत के लिए भी खेल चुकी हैं।

दिल्ली की बल्लेबाज और 2023 अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता श्वेता सहरावत 20 लाख रुपए में एमआई में शामिल हो गईं। दिशा, लतिका और श्वेता के आने से टीम के पास बल्लेबाजी के लिए अच्छे विकल्प मौजूद हैं। चूंकि, अब कमलिनी टीम का हिस्सा नहीं हैं, इसलिए दिशा या लतिका को शुरुआत में ही खेलने का मौका मिल सकता है।

गुजरात जायंट्स (जीजी) को सिर्फ तीन खिलाड़ियों की जरूरत थी, उसने आयरलैंड की ऑलराउंडर ओर्ला प्रेंडरगास्ट को 30 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया, जो डब्ल्यूपीएल में चुनी जाने वाली पहली आयरिश क्रिकेटर हैं। उन्होंने अपना आखिरी स्लॉट 16 साल की दिल्ली की ऑलराउंडर समायरा राघव के लिए इस्तेमाल किया, जिन्हें नीलामी पूल में देर से शामिल किया गया था। उन पर 10 लाख रुपए का दांव लगाया गया।

चार बार रनर-अप रही दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने 15 वर्षीय कर्नाटक की ऑलराउंडर उमा काशवी, स्कॉटलैंड की बाएं हाथ की स्पिनर किर्स्टी गॉर्डन और दिल्ली की अनकैप्ड ऑलराउंडर नजमा खान को 10-10 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया।

इस नीलामी में कई जानी-मानी खिलाड़ी अनसोल्ड रहीं। इनमें श्रीलंका की कप्तान चामरी अट्टापट्टू, इंग्लैंड की बल्लेबाज सोफिया डंकले और भारत की विकेटकीपर तानिया भाटिया, उमा छेत्री और नुजहत परवीन शामिल हैं। भारत की स्पिनर साइका इशाक और प्रिया मिश्रा, तेज गेंदबाज टिटास साधु और ऑलराउंडर देविका वैद्य भी अनसोल्ड रहीं। इसी तरह ऑस्ट्रेलिया की टायला व्लाएमिंक, साउथ अफ्रीका की नोंकुलुलेको म्लाबा और यूएई की कप्तान ईशा ओझा भी अनसोल्ड रहीं। 2027 डब्ल्यूपीएल सीजन 14 जनवरी से 7 फरवरी तक खेला जाएगा, लेकिन इसके वेन्यू अभी तय नहीं हुए हैं।

डब्ल्यूपीएल 2027 प्लेयर ऑक्शन में चुनी गईं खिलाड़ी:

दिल्ली कैपिटल्स: किरण नवगिरे, नजमा खान, क्रिस्टी गॉर्डन और उमा काश्वी।

गुजरात जायंट्स: जी. कमलिनी, ओर्ला प्रेंडरगास्ट और समायरा राघव

मुंबई इंडियंस: दिशा कसाट, भारती रावल, लतिका इनामदार, अक्षिता भगत, श्वेता सेहरावत और सानिका चालके।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: जेस जोनासेन, तेजल हसबनीस, क्लो ट्रायॉन और वृंदा दिनेश।

मुंबई इंडियंस: दिशा कसाट, भारती रावल, लतिका इनामदार, अक्षिता भगत, श्वेता सेहरावत और सानिका चालके।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार