दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में अनुकूल रॉय ने अपनी शानदार स्पिन गेंदबाजी से पहले सेट बल्लेबाज पथुम निसांका को चकमा दिया और फिर उसी ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स को भी पवेलियन भेज दिया।
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शुक्रवार (8 मई) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 51वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के लेफ्ट ऑर्म स्पिनर अनुकूल रॉय ने अपनी शानदार गेंदबाजी से दिल्ली कैपिटल्स को बड़े झटके दिए। जिस पिच पर बल्लेबाज शुरुआत में आराम से रन बना रहे थे, वहां अनुकूल ने अपनी चतुराई से मैच का पूरा मोमेंटम बदल दिया।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए पथुम निसांका शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और 28 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर चुके थे। ऐसा लग रहा था कि वह टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाएंगे, लेकिन अनुकूल रॉय ने उन्हें अपने जाल में फंसा लिया। पारी के 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर निसांका ने आगे बड़कर बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन वह इसमें चूक गए और विकेटकीपर अंगकृष रघुवंशी ने शानदर स्टपिंग कर उनकी पारी 50 रन पर ही समाप्त कर दी।
निसांका के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए ट्रिस्टन स्टब्स से दिल्ली को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन अनुकूल रॉय ने उन्हें भी ज्यादा देर टिकने नहीं दिया। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर अनुकूल ने तेज रफ्तार से स्टंप लाइन पर गेंद डाली। स्टब्स बैकफुट पर रहकर कवर की तरफ शॉट खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद नीची रही और तेजी से निकलते हुए सीधे ऑफ स्टंप से जा टकराई। स्टब्स सिर्फ 4 गेंदों में 2 रन बनाकर बोल्ड हो गए और दिल्ली की टीम 89 रन पर पांच विकेट गंवाकर मुश्किल में फंस गई।
मैच की बात करें तो इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत ठीक रही थी, लेकिन मध्य ओवरों में लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। पथुम निसांका ने 29 गेंदों में 50 रन की पारी खेली, जबकि आखिर में आशुतोष शर्मा ने 28 गेंदों में 39 रन बनाकर टीम को 142 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।