पंजाब किंग्स के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपने मस्तीभरे स्वभाव के लिए जाने जाते हैं और इस बार भी उन्होंने कुछ ऐसा ही किया है, जिसने फैंस का खूब मनोरंजन किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में अर्शदीप अपने साथी खिलाड़ी शशांक सिंह को मजाकिया अंदाज़ में ट्रोल करते नजर आ रहे हैं।

Advertisement

दरअसल, IPL 2026 के हालिया मुकाबलों में शशांक सिंह का फील्डिंग प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने कई आसान कैच छोड़ दिए और फील्डिंग में भी कुछ गलतियां कीं। खासतौर पर लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उन्होंने तीन कैच ड्रॉप किए, जबकि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केएल राहुल का कैच छोड़ना टीम को भारी पड़ा। उस मैच में राहुल ने बाद में 150 से ज्यादा रन बना दिए।

इसी को लेकर अर्शदीप ने मौका मिलते ही अपने साथी को मजेदार अंदाज़ में छेड़ दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि शशांक सिंह एक पब्लिक प्लेस, जो कि एयरपोर्ट लाउंज जैसा लग रहा है, वहां बेंच पर आराम कर रहे होते हैं। तभी अर्शदीप एक दूसरे साथी के साथ मिलकर उनके पास पहुंचते हैं और उन्हें जगाने की कोशिश करते हैं।

इतना ही नहीं, अर्शदीप शशांक के सामने ही उनके ड्रॉप किए गए कैच की एक्टिंग करके दिखाते हैं और मजाक उड़ाते हैं। हालांकि, शशांक इस सब पर ज्यादा रिएक्शन नहीं देते और दोबारा आंख बंद करके सो जाते हैं। अर्शदीप का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे काफी पसंद कर रहे हैं।

VIDEO:

अगर अर्शदीप सिंह के प्रदर्शन की बात करें, तो IPL 2026 में उनका फॉर्म भी गेंद से कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने अब तक 8 मैचों में सिर्फ 8 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी 10.96 रही है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पंजाब किंग्स के पिछले मुकाबले में उन्होंने 4 ओवर में 68 रन खर्च किए और सिर्फ 1 विकेट हासिल किया।

Also Read: LIVE Cricket Score

वहीं, उस मैच में पंजाब किंग्स को सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ा। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 222 रन बनाए थे, लेकिन राजस्थान रॉयल्स ने इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। डोनोवन फरेरा ने 26 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाए, जबकि शुभम दुबे ने 12 गेंदों में नाबाद 31 रन की तेज पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार