Asia Cup 2025 Super Four Schedule: श्रीलंका ने गुरुवार (18 सितंबर) को अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद अफगानिस्तान ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए। जिसमें मोहम्मद नबी ने 22 गेंदो में 60 रन की पारी खेली। श्रीलंका के लिए गेंदबाजी में कमाल करते हुए नुवान तुषारा ने 4 विकेट अपने खाते में डाले।
इसके जवाब में श्रीलंका की टीम ने 18.4 ओवर में 4 विकेट गवाकर ही जीत हासिल कर ली। बल्लेबाजी में श्रीलंका के लिए कुसल मेंडिस ने 52 गेंदों में नाबाद 74 रन बनाए।
बता दें कि अभी ग्रुप स्टेज में एक और मुकाबला खेला जाना बाकी है, भारत औऱ ओमान के बीच शुक्रवार (19 सितंबर) को और सुपर 4 राउंड की शुरूआत शनिवार से होगी।
ग्रुप ए में शामिल सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम पहले ही सुपर 4 स्टेज के लिए क्वालीफाई कर चुकी थी। भारत ने अपने पहले दो मैच में पाकिस्तान और यूएई को मात दी थी। वहीं इस ग्रुप से पाकिस्तान की टीम अपने आखिरी स्टेज मुकाबले में यूएई को हराकर अगले राउंड में पहुंची। सुपर 4 राउंड में भारत-पाकिस्तान की टक्कर 21 सितंबर को होगी।
श्रीलंका की जीत से बांग्लादेश को भी फायदा हुआ और ग्रुप बी से दोनों टीमें सुपर 4 राउंड के लिए क्वालीफा कर गई।
टूर्नामेंट का दूसरा चरण राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में होगा, जिसका मतलब है कि सभी टीमों को सुपर फ़ोर में बाकी प्रतिभागियों से भिड़ने का मौका मिलेगा। इस राउंड की दो टॉप टीमें फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। पॉइंट्स की प्रणाली में कोई बदलाव नहीं होगा, जीत के लिए 2 पॉइंट और मैच बेनतीजा रहने पर 1 प़ॉइंट मिलेगा। अगर टीमों के पॉइंट्स बराबर होते हैं तो नेट रन रेट रैंकिंग तय करेगा।