भारत ने यहां सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) पर खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया द्वारा रखे गए 407 रनों के लक्ष्य के जवाब में चौथे दिन रविवार का खेल खत्म होने तक दो विकेट खोकर 98 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम अभी भी लक्ष्य से 309 रन दूर है। IND vs AUS Full Scorecard

Advertisement

ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 338 रन बनाए थे। उसने भारत को पहली पारी में 244 रनों पर समेट दूसरी पारी में 94 रनों की बढ़त के साथ शुरूआत की थी। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी छह विकेट के नुकसान पर 312 रनों पर घोषित कर भारत को 407 रनों का विशाल लक्ष्य दिया।

Advertisement

पहली पारी में भारत को अच्छी शुरुआत मिली थी और इस पारी में भी शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने यह सिलसिला कायम रखा। दोनों ने पहले विकेट के लिए 71 रन जोड़े।

जोश हेजलवुड की गेंद पर गिल विकेटकीपर टिम पेन को कैच दे बैठे। गिल ने 64 गेंदों पर 31 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके भी मारे।

रोहित ने नाथन लॉयन की गेंद पर चौका मार कर अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन अगले ही ओवर में वह कमिंस के जाल में फंस गए। कमिंस ने रोहित को बाउंसर फेंकी और फाइन लेग पर मिशेल स्टार्क ने उनका कैच पकड़ा। रोहित ने 98 गेंदें खेलते हुए पांच चौके और एक छक्के की मदद से 52 रन बनाए।

इसके बाद पुजारा और अजिंक्य रहाणे ने दिन का खेल खत्म होने तक भारत को तीसरा झटका नहीं लगने दिया। पुजारा 9 और कप्तान रहाणे 4 रन बनाकर खेल रहे हैं।

Advertisement

इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने दिन की शुरुआत दो विकेट के नुकसान पर 103 रनों के साथ की थी। मेजबान टीम के लिए मार्नस लाबुशेन ने 73, स्टीव स्मिथ ने 81 और कैमरून ग्रीन ने 84 रनों की पारियां खेली। कप्तान टिम पेन 39 रनों पर नाबाद रहे। उन्होंने ग्रीन के साथ 104 रनों की साझेदारी की। ग्रीन को जसप्रीत बुमराह ने आउट किया और इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने पारी घोषित कर दी।

पहले सत्र में भारत ने लाबुशेन और मैथ्यू वेड (4) के विकेट निकाले। दोनों विकेट अपना पहला टेस्ट खेल रहे नवदीप सैनी ने लिए। दूसरे सत्र में पहली पारी में शानदार शतक लगाने वाले दिग्गज स्मिथ और ग्रीन आउट हुए।

Advertisement

तीसरे दिन लाबुशेन 47 और स्मिथ 29 रनों पर नाबाद लौटे थे। मेजबानों को पहली पारी के आधार पर 94 रनों की बढ़त मिली थी, इस लिहाज से तीसरे दिन स्टम्प्स तक उनकी कुल बढ़त 197 रनों की हो गई थी।

चौथे दिन स्मिथ और लाबुशेन ने सभंलकर खेलना शुरू किया। पहली पारी में 91 रन बनाने वाले लाबुशेन ने अपना 10वां अर्धशतक पूरा किया। इसके लिए उन्होंने 82 गेंदों का सामना किया और छह चौके लगाए। वह जितनी तेजी से रन बना रहे थे स्मिथ उतना ही सभंलकर खेल रहे थे।


लाबुशेन हालांकि 138 के कुल योग पर सैनी की गेंद पर विकेट के पीछे लपक लिए गए। अपनी 118 गेंदों की पारी में लाबुशेन ने नौ चौके लगाए।

Advertisement

इसके बाद स्मिथ का साथ देने आए वेड लेकिन सैनी ने उन्हें भी पैर नहीं जमाने दिया और चार के निजी योग पर साहा के हाथों कैच कराकर 148 के कुल योग पर मेजबान टीम को चौथा झटका दिया।

स्मिथ का साथ देने आए ऑलराउंडर ग्रीन ने सभंलकर खेलते हुए अपना विकेट बचाए रखा और ऑस्ट्रेलियाई टीम ने चार विकेट पर 182 रन बनाकर कुल 276 रनों की लीड के साथ लंच ब्रेक लिया। लंच के समय स्मिथ 55 और ग्रीन 20 रनों पर नाबाद थे।

लंच के बाद स्मिथ ने संभलकर खेलते हुए ग्रीन के साथ 50 रनों की साझेदारी को पार किया लेकिन 208 के कुल योग पर रविचंद्रन अश्विन द्वारा पगबाधा आउट कर दिए गए। स्मिथ ने 167 गेंदों का सामना कर 8 चौके और एक छक्का लगाया।

Advertisement

स्मिथ के जाने के बाद दूसरे सत्र की समाप्ति तक ग्रीन और पेन ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया लेकिन जसप्रीत बुमराह द्वारा फेंके गए पारी के 87वें ओवर की अंतिम गेंद पर ग्रीन आउट हो गए। अपने करियर का पहला अर्धशतक लगाने वाले ग्रीन ने 132 गेंदों का सामना कर आठ चौके और चार छक्के लगाए।

टी टाइम की घोषणा से ठीक पहले मोहम्मद सिराज के खिलाफ दर्शक दीर्घा से नस्लीय टिप्पणी की गई। इससे पहले शनिवार को भी दर्शकों ने सिराज के खिलाफ इसी तरह की टिप्पणी की थी।

Advertisement

रविवार को सिराज दूसरे सत्र के खेल के दौरान जब बाउंड्री के पास तैनात थे तब किसी दर्शक ने उन्हें लेकर टिप्पणी की। सिराज तुरंत कप्तान अजिंक्य रहाणे के पास पहुंचे और उन्हें इसकी जानकारी दी।

मामले की गम्भीरता को देखते हुए कप्तान ने अम्पायर पॉल राफेल को इस बारे में बताया। पॉल ने बिना देरी किए मैच रेफरी को इसकी जानकारी दी और फिर मैच रेफरी ने सुरक्षा अधिकारियों को बताया कि स्टैंड से किसी ने सिराज के खिलाफ भद्दी टिप्पणी की है।

सुरक्षाकर्मियों ने उस स्थान का मुआयना किया, जहां से सिराज के अनुसार आवाज आई थी। कई लोगों से पूछताछ की गई और फिर चार-पांच लोगों को लेकर पुलिस स्टैंड से बाहर चली गई। इस घटना के कारण लगभग 10 मिनट तक खेल रुका रहा।

Advertisement

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार