तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन (42 रन पर 5 विकेट) के शानदार प्रदर्शन से ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 275 रन से करारी शिकस्त दी। एडिलेड के ओवल मैदान पर खेले गए इस डे-नाइट टेस्ट मैच के पांचवें और अंतिम दिन सोमवार को इंग्लैंड की टीम 468 रनों के लक्ष्य के जवाब में 192 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की एशेज सीरीज में 2-0 बढ़त बना ली है। मार्नस लाबुशाने को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए 'मैन आफ द मैच' का पुरस्कार मिला। लाबुशाने ने पहली पारी में 103 और दूसरी पारी में 51 रन बनाए थे। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम के तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन ने पांच लेकर टीम को मजबूती प्रदान की। जिससे अन्य गेंदबाजों ने इंग्लिश टीम के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। ऑस्ट्रेलिया ने ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड को नौ विकेट से हराया था।

Advertisement

इंग्लैंड क्रिकेट टीम की ओर से दूसरी पारी में जोस बटलर और क्रिस वोक्स ने पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश की। बटलर ने काफी देर तक एक छोर को संभाले रखा, लेकिन टीम को इसका खास फायदा नहीं हुआ। उन्होंने 207 गेंदों का सामने करते हुए 26 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने केवल 2 चौके लगाए। क्रिस वोक्स 44 रन बनाकर पारी के टॉप स्कोरर रहे। उन्होंने 97 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके जमाए। दोनों के बीच 7वें विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी हुई।

Advertisement

दूसरे मैच में इंग्लैंड के बल्लेबाजों का खराब प्रदर्शन जारी रहा। दूसरी पारी में तो पहली पारी के मुकाबले और भी खराब बल्लेबाजी देखने को मिली। बटलर और वोक्स को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं सका। हसीब हमीद (शून्य), डेविड मलान (20 रन), कप्तान जो रूट (24 रन), बेन स्टोक्स (12 रन), ओली पोप (4 रन), ओली रॉबिन्सन (8 रन) और जेम्स एंडरसन (2 रन) ने निराश किया। स्टुअर्ट ब्रोड 9 रन बनाकर नाबाद रहे। ओपनर रोरी बर्न्‍स ने 34 रन बनाते हुए अच्छी शुरुआत की थी लेकिन वे भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके।

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा और भारी हो गया है। सीरीज का पहला टेस्ट मैच मेजबान देश ने लगभग एकतरफा अंदाज में 9 विकेट से जीता था। अब दूसरा मैच में भी कंगारूओं ने लगभग एकतरफा तरीके से ही जीता है। एशेज सीरीज का तीसरा मुकाबला 26 दिसंबर से मेलबर्न में खेला जाएगा।

संक्षिप्त स्कोर :

ऑस्ट्रेलिया ने 150.4 ओवर में 473/9 (पारी घोषित) और 61 ओवर में 230/9 (पारी घोषित) ने इंग्लैंड को 84.1 ओवर में 236 और 113.1 ओवर में 192 ऑल आउट (रोरी बर्न्‍स 34, क्रिस वोक्स 44; झाय रिचर्डसन 5/42, मिशेल स्टार्क 2/43) को 275 रन से हराया।

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार