टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबले के दौरान एक ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने फैंस को हैरान कर दिया। भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने मैदान पर कमाल की फुर्ती दिखाते हुए एक बेहद मुश्किल कैच लपक लिया। इस कैच ने मैच का माहौल ही बदल दिया और इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक की पारी जल्दी खत्म हो गई।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार (5 मार्च) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा है। इस अहम मुकाबले में भारतीय टीम के ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने एक ऐसा कैच लपका जिसे देखकर मैदान पर मौजूद फैंस भी दंग रह गए।
इंग्लैंड की पारी के दौरान 5वें ओवर में जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी कर रहे थे और उनके सामने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक थे। ब्रूक ने पहली ही गेंद पर ऑफ साइड में बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की ताकि गेंद को बाउंड्री के पार भेजा जा सके। हालांकि बुमराह ने बल्लेबाज की मंशा भांपते हुए गेंद की रफ्तार कम कर दी और ऑफ स्टंप के आसपास थोड़ी बाहर गेंद डाली।
ब्रूक पहले ही शॉट खेलने के लिए बैकफुट पर चले गए और जल्दी स्विंग कर बैठे। गेंद बल्ले से सही तरीके से नहीं लगी और हवा में काफी ऊपर चली गई। इसी दौरान सर्कल के अंदर खड़े अक्षर पटेल ने पीछे की ओर भागते हुए शानदार अंदाज में डाइव लगाकर गेंद को लपक लिया।
कैच लेने के बाद उनकी लैंडिंग काफी जोरदार रही और हाथ भी जमीन से टकराए, लेकिन उन्होंने गेंद को हाथ से नहीं छूटने दिया। सेमीफाइनल जैसे दबाव भरे मुकाबले में लिया गया यह कैच मैच का अहम मोमेंट बन गया और हैरी ब्रूक सिर्फ 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
अगर मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के सामने 254 रन का विशाल लक्ष्य रखा। टीम के लिए संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 8 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 89 रन की शानदार पारी खेली। वहीं शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन और ईशान किशन ने 18 गेंदों में 39 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।