पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम (Babar Azam) की खराब फॉर्म उनका पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रही है। इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार संघर्ष कर रहे बाबर ने करीब सात साल बाद पाकिस्तान के घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वापसी की, लेकिन यह वापसी भी उनके लिए यादगार नहीं बन सकी। शनिवार (26 सितंबर) को प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-1 के मुकाबले में वह सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए।
बाबर आजम इस मुकाबले में ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड यानी OGDCL की ओर से बतौर गेस्ट प्लेयर खेल रहे थे। अबोटाबाद क्रिकेट स्टेडियम में उनकी बल्लेबाजी देखने के लिए बड़ी संख्या में फैंस पहुंचे थे। लंबे समय बाद घरेलू क्रिकेट में बाबर को बल्लेबाजी करते देखने को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह था, लेकिन उनकी पारी उम्मीद के मुताबिक आगे नहीं बढ़ सकी।
मुकाबले के तीसरे दिन बाबर आजम बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे। क्रीज पर उनका सामना तेज गेंदबाज अरशद इकबाल से हुआ। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने बाबर को परेशान करने के लिए शरीर की तरफ तेज और शॉर्ट गेंद डाली।
बाबर ने इस गेंद पर पुल शॉट खेलने की कोशिश की। हालांकि, वह शॉट पर सही नियंत्रण नहीं बना सके और गेंद हवा में उछल गई। शॉर्ट मिड-ऑन पर खड़े अब्दुल फसीह ने कोई गलती नहीं की और आसान कैच पकड़कर बाबर आजम की पारी का अंत कर दिया।
बाबर ने 20 गेंदों का सामना किया और सिर्फ 12 रन बना सके। उनकी इस पारी के साथ ही घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सात साल बाद वापसी बेहद निराशाजनक अंदाज में खत्म हो गई। स्टेडियम में मौजूद फैंस भी अपने पसंदीदा बल्लेबाज से बड़ी पारी की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
बाबर के जल्दी आउट होने से OGDCL की मुश्किलें और बढ़ गईं। KRL ने अपनी पहली पारी में 398 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में बाबर की टीम 46 रन पर ही चार विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी।