CWC 2025, Bangladesh Women vs Australia Women Highlights: आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के 17वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को पूरी तरह एकतरफा मुकाबले में 10 विकेट से शिकस्त दी। एलिसा हीली और फोएबे लिचफील्ड की तूफानी साझेदारी ने बांग्लादेश के गेंदबाजों को पूरी तरह बेबस कर दिया। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया अंकतालिका में पहले पायदान पर पहुंच गया और सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

Advertisement

आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का 17वां मुकाबला गुरुवार, 16 अक्टूबर को विशाखापट्टनम के डॉ. वायएस राजशेखर स्टेडियम में बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया। बांग्लादेश की कप्तान निगर सुल्ताना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 198 रन बनाए।

Advertisement

बांग्लादेश की शुरुआत धीमी रही और टीम को फरगाना हक (8) के रूप में पहला झटका जल्दी लगा। इसके बाद रुबिया हैदर (44) और शर्मिन अख्तर (19) ने दूसरे विकेट के लिए 41 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की। लेकिन मध्यक्रम में कप्तान निगर सुल्ताना (12), शोर्ना अख्तर (7), रितु मोनी (2) और फहीमा खातून (4) सस्ते में पवेलियन लौट गईं।

एक छोर पर डटी रहीं सोभना मोस्टरी ने शानदार बल्लेबाजी की और 80 गेंदों में नाबाद 66 रन बनाए, जिसमें 9 चौके शामिल रहे। उनकी बदौलत बांग्लादेश की टीम 198 रन तक पहुंच पाई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एशले गार्डनर, एनाबेल सदरलैंड, अलाना किंग और जॉर्जिया वेयरहम ने 2-2 विकेट झटके, जबकि मेगन शट को 1 सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की ओपनिंग जोड़ी ने बांग्लादेश को कोई मौका नहीं दिया। कप्तान एलिसा हीली और फोएबे लिचफील्ड ने पहले विकेट के लिए 202 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी कर डाली। इस दौरान हीली ने 77 गेंदों में 113 रन की तूफानी शतकीय पारी खेली, जिसमें 20 चौके शामिल रहे। वहीं लिचफील्ड ने 72 गेंदों में 84 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 1 छक्का लगाया।

इस तरह से इन दोनों बल्लेबाजों ने 24.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर टीम को 10 विकेट से शानदार जीत दिला दी।

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

वहीं, इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने 9 अंकों के साथ अंकतालिका में पहला स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन गई। दूसरी ओर बांग्लादेश की 5 मैचों में यह चौथी हार थी, जिससे उनकी सेमीफाइनल की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार