भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय क्रिकेट फैंस को आईपीएल 2026 के बीच एक और खुशखबरी दी है। बीसीसीआई ने आज यानि बुधवार को घोषणा करते हुए बताया कि टीम इंडिया जुलाई 2026 में तीन मैचों की टी-20I सीरीज़ के लिए ज़िम्बाब्वे का दौरा करेगी। इस दौरे के ऐलान के साथ ही भारतीय क्रिकेट फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई है।
इस दौरान भारतीय क्रिकेट टीम हरारे में तीन टी-20I मैच खेलेगी। इस सीरीज़ का पहला टी-20I मैच 23 जुलाई 2026 को खेला जाएगा। दूसरा मैच 25 जुलाई और तीसरा मैच 26 जुलाई को खेला जाएगा। बता दें कि भारतीय टीम आखिरी बार 2024 में ज़िम्बाब्वे गई थी, जहां उसने 5 टी-20I मैच खेले थे। ज़िम्बाब्वे भी जनवरी 2027 में तीन मैचों की ODI सीरीज़ के लिए भारत का दौरा करेगा। ये तीनों ODI मैच कोलकाता, हैदराबाद और मुंबई में खेले जाएंगे।
फिलहाल पूरा देश आईपीएल 2026 के नशे में झूम रहा और मई तक चलने वाले इस टूर्नामेंट पर हर क्रिकेट प्रेमी की निगाहें हैं। आईपीएल के मध्य या आईपीएल खत्म होने के बाद खिलाड़ियों की फॉर्म को देखते हुए इस दौरे के लिए भारतीय टीम का चयन किया जाएगा। ऐसा भी हो सकता है कि इस दौरे के लिए भारतीय चयनकर्ता नियमित टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और कई सीनियर खिलाड़ियों को आराम देकर युवा खिलाड़ियों को मौका दे।
Also Read: LIVE Cricket Score
वहीं, क्रिकेट से परे एक और खबर ने फैंस का ध्यान खींचा है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने क्रिकेट फैंस को चौंकाते हुए AI-आधारित माइक्रोड्रामा प्लेटफॉर्म कुकू (Kuku) में निवेश किया है। इसके साथ ही, वो शॉर्ट-फॉर्म एंटरटेनमेंट ऐप Kuku TV के ब्रांड एंबेसडर भी बन गए हैं। इस कदम से भारत के 'मोबाइल-फर्स्ट' कंटेंट मार्केट में भूचाल सा आ गया है और Kuku की स्थिति और मज़बूत हो गई है।