इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर और टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स इन दिनों मैदान के बाहर विवादों के चलते सुर्खियों में हैं। हालांकि, तमाम अटकलों के बीच स्टोक्स ने अपने अगले कदम को लेकर साफ संकेत दे दिया है। इंग्लैंड टीम से बाहर किए जाने के बाद अब वह घरेलू क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं।
बेन स्टोक्स को नॉर्थम्पटनशायर के खिलाफ होने वाले काउंटी चैंपियनशिप मुकाबले के लिए डरहम की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। ऐसे में शुक्रवार (19 जून) से खेले जाने वाले इस मैच में उनके खेलने की पूरी संभावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से स्टोक्स डरहम के हेड कोच रयान कैंपबेल की निगरानी में चेस्टर-ले-स्ट्रीट में अभ्यास कर रहे थे और अब वह प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार नजर आ रहे हैं।
दरअसल, स्टोक्स को न्यूजीलैंड के खिलाफ 17 जून से द ओवल में खेले जा रहे तीन मैचों की सीरीज के दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम से बाहर कर दिया गया था। यह फैसला टीम के नियमों के उल्लंघन के आरोपों के बाद लिया गया। स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन दोनों फिलहाल इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) और क्रिकेट रेगुलेटर की जांच का सामना कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट खत्म होने के बाद दोनों खिलाड़ियों पर कर्फ्यू तोड़ने का आरोप लगा है। मामला तब और गंभीर हो गया जब यह खबर सामने आई कि एक कथित घटना के दौरान ईसीबी के एक सुरक्षा अधिकारी को चोट लगी और उन्हें टांके तक लगवाने पड़े। इसी वजह से दोनों खिलाड़ियों पर खेल की छवि खराब करने के आरोप लग सकते हैं।
इस बीच स्टोक्स का टेस्ट कप्तान के रूप में भविष्य भी चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड की ओर से उनकी कप्तानी को लेकर कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है। यही वजह रही कि ओवल टेस्ट में अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को कार्यवाहक कप्तान बनाया गया।
डरहम की टीम में स्टोक्स के अलावा एलेक्स लीज (कप्तान), डेविड बेडिंघम, मैथ्यू पॉट्स, बेन रेन और ओली रॉबिन्सन जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर रहेंगी कि स्टोक्स मैदान पर कैसा प्रदर्शन करते हैं और चल रही जांच का उनके अंतरराष्ट्रीय करियर पर क्या असर पड़ता है।
Also Read: LIVE Cricket Score
नॉर्थम्पटनशायर के खिलाफ मुकाबले के लिए डरहम की टीम: कॉलिन एकरमैन, केसी एल्ड्रिज, डेविड बेडिंगहम, ग्राहम क्लार्क, एलेक्स लीस, बेन मैकिनी, जेम्स मिंटो, डुआने ओलिवियर, कैलम पार्किंसन, मैथ्यू पॉट्स, बेन रेन, विल रोड्स, ल्यूक रॉबिन्सन, ओली रॉबिन्सन, बेन स्टोक्स।