भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय अंडर-19 महिला टीम की घोषणा की। 15 सदस्यीय टीम की कमान भाविका अहीरे को सौंपी गई है, जबकि अनादि तगड़े को उप-कप्तान बनाया गया है।

यह टी20 सीरीज 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक वडोदरा और सूरत में खेली जाएगी। यह सीरीज जनवरी में होने वाले आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप 2027 की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम होगी। सीरीज की शुरुआत 26 नवंबर को वडोदरा में पहले टी20 मैच से होगी और दूसरा मैच भी 28 नवंबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा। ये दोनों मैच क्रमशः शाम 6 बजे और दोपहर 1 बजे शुरू होंगे।

इसके बाद सीरीज सूरत में आगे बढ़ेगी, जहां 1, 3 और 6 दिसंबर को बाकी तीन मैच खेले जाएंगे। तीसरा और चौथा टी20 मैच शाम 6 बजे शुरू होगा, जबकि आखिरी मैच दोपहर 1 बजे खेला जाएगा। यह सीरीज युवा भारतीय टीम के लिए अपने कॉम्बिनेशन को परखने और बड़े टूर्नामेंट से पहले लय हासिल करने का एक बेहतरीन मौका होगी।

भारत आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप का दो बार का मौजूदा चैंपियन है। टीम ने 2023 में साउथ अफ्रीका में हुए पहले संस्करण को जीता था और फिर 2025 में मलेशिया में भी अपना खिताब बरकरार रखा। अब टीम 2027 में भी अपना दबदबा कायम रखते हुए लगातार तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने की कोशिश करेगी।

इंग्लैंड के खिलाफ यह सीरीज ऐसे समय में हो रही है, जब हाल ही में भारतीय अंडर-19 टीम ने बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में एक टी20 ट्राई-सीरीज (तीन टीमों की सीरीज) में हिस्सा लिया था। इसमें भारतीय खिलाड़ियों को दो टीमों - ए और बी - में बांटा गया था। दोनों टीमों ने तीन-तीन जीत दर्ज कीं और एक-एक हार का सामना किया, जबकि नेपाल की टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी।

महिला अंडर-19 टी20 एशिया कप का दूसरा संस्करण 8 से 20 दिसंबर के बीच यूएई में आयोजित होने की संभावना है, जिसमें दुबई एक संभावित वेन्यू हो सकता है। भारत इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता का मौजूदा चैंपियन है। टीम ने 2024 में मलेशिया में हुए इसके पहले संस्करण को अपने नाम किया था। आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप 2027 की संयुक्त मेजबानी बांग्लादेश और नेपाल करेंगे, जो 21 जनवरी से 6 फरवरी तक चलेगा। इस टूर्नामेंट में 16 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 41 मैच खेले जाएंगे।

भारत अंडर-19 स्क्वॉड: भाविका अहीरे (कप्तान, विकेटकीपर), इरा जाधव, निधि महतो, पूर्वा सिवाच, महक नरवासे, मैत्री मनियार, ईश्वरी अवसरे, दीया यादव, श्रेया एस. चव्हाण, समायरा राघव, कुमारी पलक, उमा काशवी, अक्साह परमार, अनादि तगड़े (उपकप्तान) और पलक सिंह।

Also Read: LIVE Cricket Score

 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार