वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका (WI vs SA T20I) के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला सबीना पार्क, किंग्स्टन में खेला गया था जिसमें वेस्टइंडीज ने मेहमान टीम को 8 विकेट से हराकर मुकाबला जीता। इस मैच के दौरान ब्रैंडन किंग (Brandon King) ने 28 बॉल पर 44 रनों की तूफानी पारी खेली और फील्डिंग करते हुए एक गज़ब का कैच भी लपका।
ब्रैंडन किंग का ये कैच साउथ अफ्रीका की इनिंग के 20वें ओवर में देखने को मिला। विंडीज के लिए ये ओवर शमर जोसेफ कर रहे थे। उन्होंने गेराल्ड कोएत्जी को एक लो फुल टॉस बॉल डिलीवर किया था जिसका कोएत्जी फायदा नहीं उठा पाए। ये बॉल मिस टाइम हुआ और एक्स्ट्रा कवर की तरफ चला गया।
ब्रैंडन किंग और ओबेड मैककॉय ने गेंद को हवा में देखा और इसे लपकने के लिए दौड़ लगा दी। ये दोनों ही कैरेबियाई खिलाड़ी एक साथ कदम से कदम मिलाकर दौड़ रहे थे और एक समय तो ऐसा लगा जैसे वो एक दूसरे की परछाई हैं। इसी बीच दोनों ने एक साथ डाइव भी लगा दी और फिर ब्रैंडन किंग ने एक गज़ब का कैच लपक लिया। यही वजह है किंग के कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Also Read: Live Score
बात करें अगर इस मुकाबले की तो इस मैच में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया था जिसके बाद रस्सी वेन डेर डुसेन की अर्धशतकीय पारी के दम पर साउथ अफ्रीका की टीम ने 20 ओवर में 163 रन बनाए। इसके जवाब में वेस्टइंडीज के लिए जॉनसन चार्ल्स (69) और ब्रैंडन किंग (44) ने शानदार पारी खेली और टीम को महज़ 13.5 ओवर में लक्ष्य हासिल करवाकर जीत प्राप्त की। ये भी जान लीजिए कि वेस्टइंडीज ने ये सीरीज भी 3-0 से जीती है।