आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार के बाद अब CSK का आगे का रास्ता काफी मुश्किल हो गया है। चेपॉक में खेले गए इस मुकाबले में चेन्नई को हर हाल में जीत चाहिए थी, लेकिन टीम मौके का फायदा नहीं उठा सकी। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए CSK ने 20 ओवर में 180 रन बनाए। जवाब में SRH ने 19 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और पांच विकेट से मैच जीत लिया।
इस हार के बाद CSK की प्लेऑफ की राह बेहद कठिन हो गई है। टीम के अब 13 मैचों में सिर्फ 12 अंक हैं और उन्हें अपना आखिरी लीग मैच हर हाल में जीतना होगा। चेन्नई का अगला मुकाबला गुजरात टाइटंस से नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। हालांकि सिर्फ जीत काफी नहीं होगी। CSK को दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। चेन्नई चाहेगी कि पंजाब किंग्स अपना आखिरी मैच हार जाए। इसके अलावा राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स भी अपने बचे हुए मुकाबलों में हारें ताकि पॉइंट्स टेबल में CSK को फायदा मिल सके।
नेट रन रेट भी चेन्नई के लिए बड़ी चिंता बना हुआ है। अगर दूसरी टीमें ज्यादा बड़े अंतर से जीत दर्ज करती हैं तो CSK के लिए मुश्किल और बढ़ सकती है। अब फैंस की नजर सिर्फ चेन्नई के अगले मैच पर नहीं, बल्कि बाकी टीमों के रिजल्ट्स पर भी रहेगी। आईपीएल 2026 का प्लेऑफ गणित काफी रोमांचक हो चुका है और CSK को अब क्वालिफाई करने के लिए चमत्कार जैसी स्थिति की जरूरत है।
वहीं, अगर इन दोनों टीमों के बीच हुए इस मैच की बात करें तो 181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। ट्रैविस हेड 6 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 26 रन बनाए। इसके बाद ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 75 रन की अहम साझेदारी की।
Also Read: LIVE Cricket Score
हेनरिक क्लासेन ने 26 गेंदों में 47 रन की तेज पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 70 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इन पारियों की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने 19 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 5 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए गेंदबाजी में मुकेश चौधरी ने 2 विकेट लिए। वहीं नूर अहमद, अंशुल कंबोज और अकील हुसैन को 1-1 सफलता मिली।