इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2027) में कई फ्रेंचाइजी में कप्तानी को लेकर बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। खासतौर पर मुंबई इंडियंस (MI), कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के नेतृत्व को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। इस बीच साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने इन तीनों टीमों के लिए अपने पसंदीदा कप्तानों के नाम बताए हैं।

डु प्लेसिस ने क्रिकइन्फो के सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए गए एक वीडियो में हर टीम के लिए दो संभावित विकल्प चुने। 

LSG के लिए एडेन मार्करम और मिचेल मार्श
लखनऊ सुपर जायंट्स को IPL 2027 में नए कप्तान की जरूरत है। टीम के पूर्व कप्तान ऋषभ पंत अब दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ चुके हैं। वह कुलदीप यादव के बदले ट्रेड डील के जरिए दिल्ली की टीम में शामिल हुए हैं। ऐसे में लखनऊ के सामने नए कप्तान को चुनने की चुनौती है।

फाफ डु प्लेसिस ने लखनऊ की कप्तानी के लिए साउथ अफ्रीका के एडेन मार्करम और ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श को अपनी पसंद बताया है। दोनों ही खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी नेतृत्व क्षमता दिखा चुके हैं और टीम को संभालने का अनुभव रखते हैं। 

KKR के लिए रिंकू सिंह और हार्दिक पांड्या का नाम
कोलकाता नाइट राइडर्स को भी अगले सीजन से पहले कप्तानी को लेकर बड़ा फैसला लेना है। अजिंक्य रहाणे ने दो सीजन तक टीम की कप्तानी की थी, लेकिन जुलाई में उन्होंने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया। ऐसे में KKR के लिए नए कप्तान का विकल्प तलाशना जरूरी हो गया है।

डु प्लेसिस ने कोलकाता की कप्तानी के लिए भारतीय बल्लेबाज रिंकू सिंह का नाम सुझाया है। उनके अलावा उन्होंने हार्दिक पांड्या को भी संभावित विकल्प माना है। हालांकि, हार्दिक फिलहाल मुंबई इंडियंस के कप्तान हैं और KKR के लिए उनका नाम ट्रेड के जरिए टीम में शामिल होने की संभावना के संदर्भ में सामने आया है। यानी अगर फ्रेंचाइजी उन्हें अपने साथ जोड़ने में सफल रहती है, तो वह कप्तानी के दावेदार हो सकते हैं।

MI के लिए रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह
मुंबई इंडियंस की बात करें तो IPL 2026 का सीजन टीम के लिए निराशाजनक रहा था। पांच बार की चैंपियन मुंबई ने 14 लीग मैचों में से सिर्फ चार में जीत दर्ज की और अंकतालिका में नौवें स्थान पर रही। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में तीन सीजन के भीतर यह दूसरी बार था, जब टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही।

ऐसे में अगले सीजन से पहले मुंबई की कप्तानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फाफ डु प्लेसिस ने इस जिम्मेदारी के लिए दो अनुभवी भारतीय खिलाड़ियों रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह का नाम चुना है। रोहित पहले भी मुंबई को पांच IPL खिताब जिता चुके हैं, जबकि बुमराह लंबे समय से टीम के प्रमुख गेंदबाज हैं।

Also Read: LIVE Cricket Score

WATCH:

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार