आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी लगातार अपने प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर रहे हैं और अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने भी इस शानदार खिलाड़ी को सीधे भारतीय टीम में शामिल करने की बढ़ती मांग का समर्थन किया है। इसके साथ ही अश्विन ने इस बात पर भी अपनी राय रखी कि क्या सूर्यवंशी टेस्ट क्रिकेट में भी दम दिखा सकते हैं या नहीं।
अश्विन का मानना है कि सूर्यवंशी सिर्फ टी-20 क्रिकेट में ही नहीं बल्कि टेस्ट क्रिकेट में भी लोगों की दिलचस्पी फिर से जगा सकता है। सूर्यवंशी आईपीएल 2026 की सबसे बड़ी सनसनी बन गए हैं। उनके बेखौफ अंदाज़ को देखने के लिए फैंस टीवी और स्ट्रीमिंग पर बड़ी संख्या में जुड़ रहे हैं, जिससे दर्शकों की संख्या में ज़बरदस्त उछाल आया है।
अश्विन ने सूर्यवंशी के बारे में बोलते हुए कहा, "मुझे उन्हें टेस्ट मैच में खेलते देखने में कोई दिक्कत नहीं होगी और मुझे उन्हें खेल के तीनों फॉर्मेट में खेलते देखने में भी कोई दिक्कत नहीं होगी। उन्हें क्रिकेट के मैदान पर उतारो, लोगों को स्टेडियम तक आने दो, क्योंकि वो आपका भरपूर मनोरंजन करने वाले हैं। ऐसे प्लेयर्स सिर्फ टी-20 ही नहीं बल्कि टेस्ट क्रिकेट में भी अच्छा कर सकते हैं।"
Also Read: LIVE Cricket Score
U19 वर्ल्ड कप के फाइनल में 175 रन बनाने से लेकर IPL 2026 में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों की सूची में शीर्ष पर रहने तक, ये 15 साल का खिलाड़ी अपने आलोचकों को गलत साबित कर रहा है। कुछ लोगों का ये मानना था कि वैभव आईपीएल 2025 के बाद लगातार दूसरे सीजन में नहीं चलेंगे लेकिन इस युवा खिलाड़ी ने आईपीएल 2026 सीज़न के 11 मैचों में ही 440 रन बना लिए हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है, और उनका स्ट्राइक रेट 230 से भी ज़्यादा रहा है। यही कारण है कि BCCI की चयन समिति कथित तौर पर इस होनहार खिलाड़ी के वर्कलोड पर नज़र रख रही है, ऐसे में अब बहस इस बात से हटकर कि क्या सूर्यवंशी को इंडिया कैप मिलेगी, इस बात पर आ गई है कि बोर्ड कितनी जल्दी इस पर फ़ैसला लेने को तैयार है।