CSK vs DC, IPL 2023: प्लेऑफ में पहुंची थाला धोनी की सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स को 77 रनों से हराया

Updated: Sat, May 20 2023 19:32 IST
CSK vs DC, IPL 2023: प्लेऑफ में पहुंची थाला धोनी की सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स को 77 रनों से हराया (Image Source: Google)

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 67वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच शनिवार (20 मई) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया था जिसे चेन्नई सुपर किंग्स ने 77 रनों के बड़े अंतर से जीतकर अपने नाम कर लिया है। दिल्ली कैपिटल्स को हराने के बाद अब चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आईपीएल 2023 के प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली दूसरी टीम बन चुकी है।

गायकवाड़ और कॉवने के सामने पस्त हुए दिल्ली कैपिटल्स

महेंद्र सिंह धोनी ने दिल्ली के मैदान पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया था जिसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉनवे की सलामी जोड़ी ने रनों का अंबार लगा दिया। गायकवाड़ ने 50 गेंदों पर 3 चौके और 7 छक्के की मदद से 79 रनों की पारी खेली। वहीं डेवोन कॉनवे ने 52 गेंदों का सामना करके 11 चौके और 3 छक्के की मदद से 87 रन बनाए। इन दोनों ही खिलाड़ियों के बीच पहले विकेट के लिए 141 रनों की साझेदारी हुई। उनके अलावा शिवम दुबे (22) और रविंद्र जडेजा (20) ने भी एक छोटी, लेकिन तेज पारी खेली।

अंत तक लड़े डेविड वॉर्नर  

दिल्ली कैपिटल्स को 224 रनों का विशाल लक्ष्य हासिल करना था जिसका पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज़ घुटनों पर नज़र आए। लेकिन इस दौरान डेविड वॉर्नर ने अंत तक लड़ाई की। कप्तान वॉर्नर ने 58 गेंदों पर 7 चौके और 5 छक्के की मदद से 86 रन जड़े जिसके बाद मथीशा पथिराना ने उन्हें ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच आउट करके पवेलियन का रास्ता दिखाया।

दीपक चाहर ने चटकाए तीन विकेट

Also Read: IPL T20 Points Table

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स के सभी गेंदबाज़ों ने सफलताएं हासिल की। दीपक चाहर टीम के सबसे सफल गेंदबाज़ साबित हुए। चाहल ने फिल साल्ट, राइली रूसो, और अक्षर पटेल को आउट करके पवेलियन का रास्ता दिखाया। वहीं महेश थीक्षाना और मथीशा पथिराना ने दो-दो विकेट झटके। तुषार देशपांडे और रविंद्र जडेजा को भी एक-एक विकेट मिला। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के लिए खलील अहमद, एनरिक नॉर्खिया और चेतन सकारिया ने एक-एक विकेट चटकाया था।

TAGS

संबंधित क्रिकेट समाचार

सबसे ज्यादा पढ़ी गई खबरें