दिल्ली को कप्तान अक्षर पटेल के बिना उतरना पड़ा मैदान में, फाफ डु प्लेसी बने कप्तान और रच दिए कई रिकॉर्ड

Updated: Thu, May 22 2025 00:12 IST
Image Source: X

Faf du Plessis Created Records: आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस(MI) और दिल्ली कैपिटल्स(DC) के बीच खेले गए अहम मुकाबले में दिल्ली को हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली के लिए यह मैच शुरुआत से ही चुनौतीभरा रहा। टीम को अपने नियमित कप्तान अक्षर पटेल(Axar Patel) के बिना उतरना पड़ा क्योंकि वह वायरल फ्लू की चपेट में आ गए। उनकी जगह अनुभवी दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज़ फाफ डु प्लेसी ने टीम की कमान संभाली और मैदान पर उतरते ही कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मैच करो या मरो जैसा था, लेकिन मुकाबले से पहले ही टीम को तगड़ा झटका लग गया। कप्तान अक्षर पटेल बीमार होने के चलते प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन पाए। टॉस के समय खुद फाफ डु प्लेसी ने बताया कि अक्षर को तेज बुखार है और वह पिछले दो दिन से काफी बीमार हैं। ऐसे में कप्तानी की ज़िम्मेदारी फाफ को सौंपी गई।

दिल्ली की कप्तानी करते ही फाफ डु प्लेसी ने इतिहास रच दिया। वो आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। उनकी उम्र इस मैच के दिन 40 साल और 312 दिन रही। आईपीएल इतिहास में उनसे ज्यादा उम्र में सिर्फ एमएस धोनी, शेन वॉर्न और एडम गिलक्रिस्ट ने टीम की कप्तानी की है।

आईपीएल में कप्तानी करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी:

  • एमएस धोनी – 43 साल 317 दिन
  • शेन वॉर्न – 41 साल 249 दिन
  • एडम गिलक्रिस्ट – 41 साल 185 दिन
  • फाफ डु प्लेसी – 40 साल 312 दिन
  • राहुल द्रविड़ – 40 साल 133 दिन

इतना ही नहीं, फाफ अब उन चुनिंदा विदेशी खिलाड़ियों की लिस्ट में भी शामिल हो गए हैं, जिन्होंने दो अलग-अलग आईपीएल टीमों की कप्तानी की है। इससे पहले वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तानी कर चुके हैं। दिल्ली और आरसीबी दोनों की कप्तानी करने वाले वह केवल दूसरे खिलाड़ी हैं,  उनसे पहले ये कारनामा केविन पीटरसन ने किया था, जो अब दिल्ली के मेंटोर भी हैं।

आईपीएल में अब तक इन विदेशी खिलाड़ियों ने दो या उससे ज्यादा टीमों की कप्तानी की है:

  • एडम गिलक्रिस्ट (डेक्कन चार्जर्स और पंजाब)
  • ब्रेंडन मैक्कुलम (कोलकाता और गुजरात लायंस)
  • डेविड वॉर्नर (सनराइजर्स और दिल्ली)
  • केविन पीटरसन (दिल्ली और आरसीबी)
  • कुमार संगकारा (डेक्कन, पंजाब और SRH)
  • महेला जयवर्धने (दिल्ली, कोच्चि और पंजाब)
  • शेन वॉटसन (राजस्थान और आरसीबी)
  • स्टीव स्मिथ (पुणे, राजस्थान और राइजिंग पुणे)
  • कैमरन व्हाइट (सनराइजर्स और डेक्कन)
  • फाफ डु प्लेसी (आरसीबी और अब दिल्ली)

मैच की बात करें तो सूर्यकुमार यादव की शानदार 73 रन की पारी और नमन धीर की 8 गेंदों में 24 रन की ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी के बाद मुंबई इंडियंस ने दिल्ली को 59 रन से हराया। सैंटनर और बुमराह ने मिलकर 6 विकेट चटकाए। जीत के साथ मुंबई ने प्लेऑफ में जगह बना ली। वहीं दिल्ली के लिए यह करो या मरो मुकाबला था, जिसमें हार के बाद अब वह अधिकतम 15 अंकों तक ही पहुंच सकती है।

TAGS

संबंधित क्रिकेट समाचार ::

सबसे ज्यादा पढ़ी गई खबरें