SA20 लीग में डेवाल्ड ब्रेविस और शेरफेन रदरफोर्ड ने आखिरी ओवरों में ऐसा कहर बरपाया कि MI केप टाउन पूरी तरह बिखर गई। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर लगातार छह गेंदों में छह छक्के जड़ते हुए मैच का रुख एकतरफा कर दिया और प्रिटोरिया कैपिटल्स को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

Advertisement

साउथ अफ्रीका में खेली जाने वाली SA20 लीग 2025-26 का आठवां मुकाबला बुधवार (31 दिसंबर) को न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड, केप टाउन में प्रिटोरिया कैपिटल्स और MI केप टाउन के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला प्रिटोरिया के बल्लेबाजों ने सही साबित किया, हालांकि शुरुआत कुछ खास नहीं रही। सलामी बल्लेबाज ब्राइस पार्सन्स बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि विल स्मीड भी सिर्फ 22 रन ही जोड़ सके।

Advertisement

इसके बाद शाई होप और विहान लुब्बे ने पारी को संभाला। होप ने 30 गेंदों में 45 रन बनाए, वहीं लुब्बे ने 36 गेंदों में 60 रनों की अहम पारी खेली। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी हुई, जिसने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

पारी का असली रोमांच आखिरी ओवरों में देखने को मिला, जब डेवाल्ड ब्रेविस और शेरफेन रदरफोर्ड ने MI के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। दरअसल, पारी का 18वां ओवर लेकर आए कॉर्बिन बॉश। ओवर की शुरुआती चार गेंदों तक हालात बहुत खराब नहीं थे, लेकिन आख़िरी दो गेंदों पर डेवाल्ड ब्रेविस ने मैच का रुख बदल दिया।

बॉश की एक फुल टॉस और एक शॉर्ट पिच गेंद पर ब्रेविस ने लगातार दो छक्के जड़ दिए। यहीं कहानी खत्म नहीं हुई। इसके बाद 19वां ओवर डालने आए ड्वेन प्रिटोरियस का सामना रदरफोर्ड से हुआ। रदरफोर्ड ने पहली गेंद पर लॉन्ग ऑफ की दिशा में छक्का लगाया, दूसरी गेंद पर स्लोअर बाउंसर को स्क्वायर लेग के ऊपर से भेज दिया। तीसरी गेंद पर लो फुल टॉस को डीप कवर की ओर छक्का जड़ा, जबकि चौथी गेंद पर सीधा लॉन्ग ऑफ पर छक्का लगाकर लगातार छह छक्कों का सिलसिला पूरा किया।

VIDEO:

Advertisement

ब्रेविस और रदरफोर्ड के बीच छठे विकेट के लिए 27 गेंदों में 86 रनों की तूफानी साझेदारी हुई। ब्रेविस ने 13 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाए, जबकि रदरफोर्ड ने भी सिर्फ 15 गेंदों में नाबाद 47 रन ठोक दिए। इन विस्फोटक पारियों की बदौलत प्रिटोरिया कैपिटल्स ने 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

Also Read: LIVE Cricket Score

लक्ष्य का पीछा करने उतरी MI केप टाउन की टीम दबाव में पूरी तरह बिखर गई। रयान रिकेल्टन (38), रैसी वैन डेर डूसन (28) और निकोलस पूरन (25) ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल सका। नतीजतन टीम 135 रन पर सिमट गई और प्रिटोरिया कैपिटल्स ने 85 रन से शानदार जीत दर्ज की।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार