दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL 2026) का आठवां मुकाबला मंगलवार (4 अगस्त) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में न्यू दिल्ली टाइगर्स (New Delhi Tigers) और आउटर दिल्ली वॉरियर्स (Outer Delhi Warriors) के बीच खेला गया। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में क्रिकेट का ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे शायद ही किसी ने पहले देखा हो।
156 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही आउटर दिल्ली वॉरियर्स को आखिरी गेंद पर जीत के लिए सिर्फ 1 रन की जरूरत थी। मुकाबला पूरी तरह उनके पक्ष में नजर आ रहा था, लेकिन तभी एक बेहद अजीब घटना ने मैच का रुख बदल दिया।
दरअसल, हुआ यूं कि इस गेंद पर बल्लेबाजी कर रहे प्रथम सलूजा ने शॉर्ट मिड ऑफ की तरफ शॉट खेला और रन लेने के लिए दौड़ पड़े। वहां मौजूद न्यू दिल्ली टाइगर्स के फील्डर हिम्मत सिंह के पास नॉन-स्ट्राइकर एंड पर रनआउट करने का आसान मौका था। लेकिन गेंद उठाते समय वह उनके हाथ से फिसलकर जमीन पर गिर गई। ऐसा लग रहा था कि आसान रनआउट का मौका निकल चुका है। तभी गुस्से में हिम्मत सिंह ने अपना दायां पैर हवा में झटका। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि गेंद उनके पैर के ठीक पीछे पड़ी है।
हिम्मत सिंह के जूते की हल्की किक गेंद पर लगी और गेंद सीधे स्टंप्स से जा टकराई। बेल्स बिखर गईं और इसी बीच बल्लेबाज प्रथम सलूजा क्रीज तक नहीं पहुंच सके। अंपायर ने उन्हें रनआउट करार दिया और मुकाबला टाई हो गया। मैदान पर मौजूद खिलाड़ी और दर्शक कुछ पल के लिए समझ ही नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या है।
VIDEO:
15-15 ओवर के इस बारिश प्रभावित मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 155 रन ही बना सकी और इस अनोखे रनआउट ने मैच को सुपर ओवर तक पहुंचा दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
सुपर ओवर में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने शानदार खेल दिखाया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 20 रन बनाए, जिसमें ऋषभ शर्मा ने मोनू शुक्ला की गेंदों पर तीन छक्के जड़कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। जवाब में न्यू दिल्ली टाइगर्स सिर्फ 6 रन ही बना सकी और दो विकेट भी गंवा दिए। इस तरह आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने रोमांचक मुकाबला सुपर ओवर में अपने नाम कर लिया।