इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए इंग्लैंड लायंस का यूएई में चल रहा टूर कैंसिल कर दिया है। ये फैसला ईरान पर यूएसए-इज़राइली एयर स्ट्राइक के बाद लिया गया है। फिलहाल इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड प्लेयर्स और स्टाफ को यूके वापस लाने पर काम कर रहा है। इतना ही नहीं, बोर्ड ने इंग्लैंड की महिला टीम के यूएई में प्लान किए गए ट्रेनिंग कैंप को भी रद्द कर दिया है।
इंग्लैंड लायंस की टीम यूएई में पाकिस्तान शाहीन्स के खिलाफ व्हाइट-बॉल सीरीज़ खेल रही थी। हालांकि, हालात बिगड़ने पर, पांच मैंचों की सीरीज का दूसरा वनडे मैच रद्द कर दिया गया था लेकिन जब हालात सुधरते हुए नहीं दिखे तो बोर्ड ने सीरीज़ के बाकी तीन मैच भी कैंसिल कर दिए हैं। जहां तक इंग्लैंड की महिला टीम की बात है, तो ट्रेनिंग कैंप टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी के लिए होना था।
इंंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम वनडे वर्ल्ड कप 2025 के बाद से ही एक्शन में नहीं है लेकिन लगता है कि अब ये इंतज़ार थोड़ा और लंबा होने वाला है। इस बारे में बात करते हुए, ईसीबी ने कहा कि वो अब यूएई की बजाय दूसरे ऑप्शन देख रहा है। ईसीबी ने इसके लिए एक बयान जारी किया जिसमें कहा, "इंग्लैंड मेन्स लायंस का बाकी टूर कैंसल कर दिया गया है और हम सभी को जल्द से जल्द घर पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। हमने खाड़ी में अस्थिरता को देखते हुए अबू धाबी में इंग्लैंड विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप कैंप के होने की संभावना को खारिज कर दिया है।"
Also Read: LIVE Cricket Score
बयान में आगे कहा गया, "वीकेंड में हमने दूसरे ऑप्शन पर काम करना शुरू कर दिया है जिससे इंग्लैंड विमेंस टीम भी वही नतीजे हासिल कर सकेगी और जैसे ही हम कोई नया प्लान फाइनल करेंगे, हम आपको बताएंगे।" कहा जा रहा है कि आईसीसी भी स्थिति पर नज़र रख रहा है और उम्मीद है कि चल रहे टकराव का असर टी-20 वर्ल्ड कप 2026 पर नहीं पड़ेगा।