मैनचेस्टर, 6 सितम्बर | स्टीव स्मिथ के करियर के तीसरे दोहरे शतक के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने यहां ओल्ड ट्रेफर्ड मैदान पर खेले जा रहे एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट मैच के दूसरे दिन गुरुवार को अपनी पहली पारी आठ विकेट के नुकसान पर 497 रनों पर घोषित कर दी। दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में एक विकेट के नुकसान पर 23 रन बना लिए हैं। पैट कमिंस ने जोए डेनले को 10 के कुल स्कोर पर मैथ्य वेड के हाथों कैच करा इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत से वंचित रख दिया। स्टम्प्स तक हालांकि रोरी बर्न्‍स 15 और क्रेग ओवरटन तीन रन बनाकर खड़े हैं। इंग्लैंड अभी भी आस्ट्रेलिया से 474 रन पीछे है।

Advertisement

स्मिथ ने 319 गेंदों पर 24 चौके और दो छक्कों की मदद से 211 रन बनाए। यह टेस्ट में उनका तीसरा दोहरा शतक है। इससे पहले के दोनों दोहरे शतक भी उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ ही बनाए हैं।

 
Advertisement

दिन के तीसरे सत्र में स्मिथ इंग्लैंड के कप्तान जोए रूट का शिकार बने। स्मिथ 438 के कुल स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया के आठवें विकेट के रूप में आउट हुए। उनके बाद मिशेल स्टार्क ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को धोया। स्टार्क 58 गेंदों पर सात चौके और दो छक्कों की मदद से 54 रन बनाकर नाबाद लौटे। स्टार्क के साथ नाथन लॉयन 26 रन बनाकर नाबाद रहे।

स्मिथ का कप्तान टिम पेन ने बखूबी साथ दिया है और दोनों छठे विकेट के लिए 145 रनों की साझेदारी की। इसी साझेदारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन चायकाल तक पांच विकेट खोकर 369 रन बना लिए थे। पेन हालांकि दिन के तीसरे सत्र में क्रेग ओवरटन का शिकार हो गए। कप्तान ने 127 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 58 रन बनाए।

यह पेन का इस सीरीज में पहला अर्धशतक है। इसी के साथ पेन एशेज में अर्धशतक लगाने वाले तीसरे कप्तान-विकेटकीपर बन गए हैं। उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया के ही जैक ब्लैकहेम ने 1894 में और इंग्लैंड के एलेक स्टीवर्ट ने 1998 में कप्तान-विकेटकीपर रहते हुए पचास का आंकड़ा छुआ था।

वहीं स्मिथ ने भी कई रिकार्ड अपने नाम किए हैं। यह स्मिथ का टेस्ट में 26वां शतक है। वह सबसे तेजी से 26 शतक लगाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले डॉन ब्रेडमैन का नंबर है जिन्होंने सिर्फ 69 पारियों में 26 टेस्ट शतक पूरे किए थे। वहीं स्मिथ के अब टेस्ट में 6,750 से ज्यादा रन हो गए हैं वह कोहली से पहले इतने रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। कोहली ने 76 टेस्ट में इतने रनों का आंकड़ा छुआ था जबकि यह स्मिथ का यह 69वां टेस्ट है।

Advertisement

पेन के जाने के बाद भी हालांकि स्मिथ को रोकना इंग्लैंड के गेंदबाजों के लिए टेढ़ी खीर ही साबित हुआ। नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज ने बड़ी आसानी से 200 का आंकड़ा पार किया। रूट की गेंद पर वह रिवर्स स्वीप मारने के प्रयास में बैकवर्ड प्वांइट पर जोए डेनले के हाथों लपके गए। उनसे पहले पैट कमिंस (4) भी पवेलियन लौट चुके थे।

यहां से स्टार्क और लॉयन ने आस्ट्रेलियाई स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाया और नौवें विकेट के लिए 59 रन जोड़े। स्टार्क ने स्मिथ के साथ मिलकर भी आठवें विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी की।

इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने दिन की शुरुआत तीन विकेट के नुकसान पर 170 रनों के साथ की थी। भोजनकाल से पहले उसने ट्रेविस हेड (19) और मैथ्यू वेड (16) के विकेट खो दिए थे, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजों के लिए स्मिथ सिर दर्द बनकर खड़े थे। उन्होंने पहले सत्र की समाप्ति से ठीक पहले अपना शतक पूरा किया और एशेज सीरीज में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन। इस शतक को मिलाकर स्मिथ के एशेज में कुल 11 शतक हो गए हैं।

Advertisement

स्मिथ का यह इंग्लैंड के खिलाफ पिछली आठ पारियों में पांचवां शतक है।

दिन के दूसरे सत्र में पूर्व कप्तान को मौजूदा कप्तान का साथ मिला और दोनों ने अंगद की तरह विकेट पर पैर जमा टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया।

इस बीच हालांकि पेन को दो बार जीवनदार भी मिला जिसका उन्होंने भरपूर फायदा उठाया।

Advertisement

पहले दिन बारिश के कारण दिन का खेल जल्दी खत्म कर दिया गया था। पहले दिन मार्नस लाबुस्शाने ने 67 रनों की पारी खेल स्मिथ का अच्छा साथ दिया था। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 116 रन जोड़े।

इंग्लैंड के लिए स्टुअर्ट ब्रॉड ने तीन, जैक लीच और ओवरटन ने दो-दो विकेट लिए। रूट के हिस्से एक अहम विकेट आया।

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
An ardent cricket fan, Saurabh is covering cricket for last 12 years. He has started his professional journey with the Hindi publication, Navbharat Times (Times of India Group). Later on, he moved to TV (Sadhna News). In 2014, he joined Cricketnmore. Currently, he is serving as the editor of cricketnmore.com. His grasp on cricket statistics and ability to find an interesting angle in a news story make him a perfect fit for the online publishing business. He is also acting as a show producer for our ongoing video series - Cricket Tales, Cricket Flashback, & Cricket Trivia Read More
ताजा क्रिकेट समाचार