सिडनी टेस्ट के चौथे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने बिना विकेट गंवाए 30 रन बना लिए हैं और अब आखिरी दिन इंग्लिश टीम को मैच जीतने के लिए 358 रन और बनाने होंगे। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ 10 विकेटों की तलाश में जुटेंगे। वहीं, अगर चौथे दिन के खेल की बात करें तो इंग्लिश गेंदबाजों को काफी मेहनत करनी पड़ी।
जब तेज़ गेंदबाज़ असरदार साबित नहींं हो रहे थे तो कप्तान जो रूट ने जैक लीच के साथ खुद गेंदबाज़ी करने का फैसला किया। इस दौरान जो रूट ने भी एक ऐसी शॉट पिच गेंद डाली जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी इस वीडियो को अपने ट्विटर अकाउंट से शेयर किया है।
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि उस्मान ख्वाजा स्ट्राइक पर हैं और रूट, जो स्पिन गेंदबाज़ी करते हैं अपने पहले ओवर की आखिरी गेंद को बाउंसर की तरह डालते हैं जो काफी तेज़ी से उस्मान ख्वाजा तक जाती है और बड़ी मुश्किल से ख्वाजा अपना सिर बचा पाते हैं।
इस वीडियो के अंत में ये भी देखा जा सकता है कि ख्वाजा रूट को कहते हैं कि आपका एक बाउंसर हो चुका है जबकि इंग्लिश कप्तान जो रूट के चेहरे पर मुस्कान देखी जा सकती है। वहीं, अगर इस टेस्ट की बात करें तो पांचवां दिन काफी मज़ेदार होने वाला है क्योंकि 358 रन और 10 विकेट, यहां से कोई भी टीम मैच जीत सकती है।