भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन के बाद एक और भारतीय स्पिनर ने रिटायरमेंट ले ली है। अनुभवी भारतीय लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने पेशेवर क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। इस संन्यास के ऐलान के साथ ही उनके 25 साल से ज़्यादा लंबे करियर का अंत हो गया। मिश्रा पिछले काफी समय से भारतीय टीम से बाहर थे और आईपीएल में भी उन्हें कम ही मौके मिल रहे थे जिसके बाद उन्होंने रिटायरमेंट लेने का फैसला किया है। 

Advertisement

मिश्रा ने 22 टेस्ट, 36 वनडे और 10 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और अपनी तेज़ वैरिएशन और नियंत्रण की बदौलत क्रमशः 76, 64 और 16 विकेट लिए हैं। गुरुवार को एक बयान में, मिश्रा ने कहा कि पेशेवर क्रिकेट से संन्यास लेने का उनका फैसला बार-बार लगने वाली चोटों और युवा खिलाड़ियों को मौका देने के उनके विश्वास से प्रेरित है।

Advertisement

मिश्रा ने आइएएनएस से बात करते हुए कहा, “क्रिकेट में मेरे जीवन के ये 25 साल यादगार रहे हैं। मैं बीसीसीआई, प्रशासन, हरियाणा क्रिकेट संघ, सहयोगी स्टाफ, अपने सहयोगियों और अपने परिवार के सदस्यों का तहे दिल से आभारी हूं जो इस दौरान मेरे साथ रहे। मैं उन फैंस का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जिनके प्यार और समर्थन ने मुझे जब भी और जहां भी मैंने खेला, इस सफ़र को यादगार बना दिया। क्रिकेट ने मुझे अनगिनत यादें और अनमोल सीख दी हैं, और मैदान पर बिताया हर पल एक यादगार पल है जिसे मैं ज़िंदगी भर संजो कर रखूंगा।"

बता दें कि मिश्रा ने 2003 में बांग्लादेश में वनडे त्रिकोणीय सीरीज में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था, लेकिन मोहाली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण के लिए उन्हें 2008 तक इंतज़ार करना पड़ा, जहां वो अपने पहले ही मैच में पांच विकेट लेने वाले गेंदबाज़ों की सूची में शामिल हो गए। 2013 में, उन्होंने ज़िम्बाब्वे में पांच मैचों की सीरीज में 18 विकेट लेकर जवागल श्रीनाथ के द्विपक्षीय वनडे सीरीज में सर्वाधिक विकेट लेने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की।

Also Read: LIVE Cricket Score

इसके बाद उन्होंने बांग्लादेश में 2014 के टी-20 वर्ल्ड कप में भी खेला, जहां उन्होंने 14.70 की औसत और 6.68 की इकॉनमी रेट से 10 विकेट लिए, जिसमें भारत श्रीलंका के बाद उपविजेता रहा। 2017 में भारत के लिए अपना आखिरी मैच खेलने के बाद, मिश्रा घरेलू क्रिकेट और आईपीएल खेलते रहे। उनका आखिरी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट मैच आईपीएल 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच हुआ, जहां उन्होंने 20 रन देकर एक विकेट हासिल किया।

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार