आईपीएल 2023 के क्वालिफायर 2 में गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस को 62 रनों से हराकर लगातार दूसरे फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब इस सीजन के फाइनल मुकाबले में 28 मई को गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स आमने-सामने होंगे। गुजरात की इस जीत में ओपनर शुभमन गिल का अहम योगदान रहा जिन्होंने 60 गेंदों में 129 रनों की आतिशी पारी खेली। उन्हें इस पारी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भी दिया गया। 

Advertisement

वहीं, कप्तान हार्दिक पांड्या ने भी युवा शुभमन गिल की तारीफ करते हुए कहा कि वो भविष्य में एक सुपरस्टार बनने वाले हैं। हार्दिक ने मैच के बाद कहा, 'मुझे लगता है कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के पीछे काफी मेहनत लगती है। वो अभ्यास करते रहते हैं, जो कि देखने को भी मिलता है। मुझे लगता है कि वो (शुभमन गिल) जिस स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ चल रहे हैं वो अद्भुत है। आज की पारी बेहतरीन में से एक थी, वो कभी हड़बड़ी में नहीं दिखे। ऐसा लगा कि कोई गेंद डाल रहा है और वो बस उसे मारता जा रहा है।'

Advertisement

आगे बोलते हुए पांड्या ने कहा, 'शुभमन अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में सुपरस्टार होगा। मेरी उनसे बातचीत होती है, मैं कोशिश करता हूं कि लोग मेरी ऊर्जा को लें। हर कोई अपनी जिम्मेदारी लेता है। (राशिद पर) मुझे लगता है कि हमने उसके बारे में काफी बात कर ली है। जब टीम मुश्किल स्थिति में होती है तो मैं उस पर भरोसा कर सकता हूं। हमें अच्छी क्रिकेट खेलनी होगी, अपना 100% देना होगा। नॉकआउट किसी भी तरफ जा सकता है, लेकिन फाइनल के लिए बहुत उत्साहित हूं।'

अगर इस मैच की बात करें तो गुजरात ने मुंबई के सामने 234 रनों का लक्ष्य रखा था जिसका पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम 18.2 ओवरों में 171 रन के स्कोर पर सिमट गई। मुंबई की तरफ से सबसे ज्यादा रन सूर्यकुमार यादव ने बनाए। उन्होंने 38 गेंद में 7 चौको और 2 छक्कों की मदद से 61 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा तिलक वर्मा ने तेजी से 14 गेंद में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से 43 रन की पारी खेली। वहीं, कैमरून ग्रीन ने 20 गेंद में 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 30 रन बनाए।

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार