IND vs NZ: टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने 500 से अधिक दिनों के बाद अपने शतक के सूखे को समाप्त किया। रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर कुटाई करते हुए अपना 30वां एकदिवसीय शतक जड़ा। 101 रन बनाकर आउट होने से पहले रोहित शर्मा ने शुभमन गिल के साथ 212 रनों की शानदार साझेदारी की थी। जैसे ही रोहित शर्मा ने अपना 100वां रन पूरा करने के लिए सिंगल लिया, इंदौर में मौजूद तमाम फैंस भारतीय कप्तान के इस कारनामे के बाद उनकी सराहना करने के लिए आगे आए और ताली बजाकर उनका अभिवादन किया।

Advertisement

रोहित शर्मा के शतक पर भारतीय डगआउट में मौजूद सभी खिलाड़ियों ने खड़े होकर रोहित की शानदार पारी पर ताली बजाई। इस दौरान सूर्यकुमार यादव के एक इशारे ने कई सवाल छोड़ दिए हैं। सूर्यकुमार यादव ने अपने चेहरे पर मुस्कान के साथ ताली बजाई और फिर अपने हाथों से उंगलिया हिलाकर कुछ इशारा किया। एक पल के लिए सूर्यकुमार को देखकर ऐसा लगा कि मानो वो छक्के का इशारा कर रहे हों।

Advertisement

सूर्यकुमार यादव के इस इशारे का क्या मतबल था या तो रोहित शर्मा या SKY ही बता सकते हैं। लेकिन, फिर भी यह एक अनूठा क्षण था जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। वहीं अगर मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। टीम इंडिया ने पहली पारी में 385 रनों का विशाल स्कोर बनाया।

रोहित शर्मा के अलावा उनके जोड़ीदार शुभमन गिल ने भी शानदार 112 रनों की पारी खेली। बता दें कि इससे पहले रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से जीत दर्ज की थी। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम इंडिया ने 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। इस सीरीज के बाद टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर सीरीज खेलनी है।

लेखक के बारे में

Prabhat Sharma
Prabhat Sharma - A cricket Analyst and Cricket fan. Worked with Jansatta (The Indian Express Group), Times Now Hindi Digital Team, Zee Media in the past. One can reach him at +91 - 8765180685 Read More
ताजा क्रिकेट समाचार