SL vs IND Test Day 3: भारत ने पहले टेस्ट में श्रीलंका को पहली पारी में 284 रन पर ऑलआउट कर 178 रन की बड़ी बढ़त हासिल की है। श्रीलंका ने एक समय 90 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन सोनल दिनुशा और निरोशन डिकवेला ने 146 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को संभाला। हालांकि आखिरी सत्र में भारतीय गेंदबाजों ने वापसी करते हुए श्रीलंका की पारी समेट दी।
भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच के तीसरे दिन सोमवार (17 अगस्त) को भारतीय टीम की पहली पारी 462 रन पर खत्म होने के बाद श्रीलंका की टीम बल्लेबाजी करने उतरी।
श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहले ही सत्र में 90 रन के स्कोर पर अपने पांच विकेट गंवा दिए। निशान मदुश्का बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि दिनेश चंदीम ने सिर्फ 4 रन बनाए। लाहिरू उदारा ने 27, कामिंडु मेंडिस ने 14 और कप्तान धनंजय डी सिल्वा भी सिर्फ 21 रन ही जोड़ पाए।
90 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद श्रीलंका मुश्किल स्थिति में नजर आ रहा था। यहां से सोनल दिनुशा और निरोशन डिकवेला ने मोर्चा संभाला और छठे विकेट के लिए 146 रन की साझेदारी कर टीम की पारी को संभाल लिया। दोनों ने दूसरे सत्र में भारतीय गेंदबाजों को काफी परेशान किया।
हालांकि तीसरे सत्र में भारतीय गेंदबाजों ने एक बार फिर जोरदार वापसी की। सोनल दिनुशा और निरोशन डिकवेला की अहम साझेदारी टूटने के बाद श्रीलंका के निचले क्रम के बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके और पूरी टीम 284 रन पर ऑलआउट हो गई। डिकवेला ने 115 गेंदों में 80 रन बनाए, जबिक सोनल ने 168 गेंदों में 100 रन की शतकीय पारी खेली।
भारत के लिए इस पारी में मानव सुथार ने 4 विकेट अपने नाम किए, जबकि रविंद्र जडेजा ने 3 विकेट चटकाए। इसके अलावा कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को भी 1-1 विकेट मिला।
Also Read: LIVE Cricket Score
श्रीलंका को 284 रन पर समेटने के बाद भारत को पहली पारी में 178 रन की बढ़त मिल गई है। इससे पहले भारतीय टीम ने देवदत्त पडिक्कल की शानदार 167 रन की शतकीय पारी की बदौलत पहली पारी में 462 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था।