भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली जाने वाली अगामी तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज के लिए चयनकर्ताओं ने कई युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है, जबकि संजू सैमसन और अर्शदीप सिंह जैसे बड़े नामों को स्क्वाड में जगह नहीं मिली है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सोमवार (6 जुलाई) को जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया के 15 सदस्यीय टी20 स्क्वाड का ऐलान कर दिया। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज 23, 25 और 26 जुलाई को हरारे में खेली जाएगी।
इस दौरे के लिए चयनकर्ताओं ने युवा खिलाड़ियों पर जमकर भरोसा दिखाया है। टीम की कमान एक बार फिर श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को इस टीम में जगह नहीं मिली है, जबकि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी स्क्वाड का हिस्सा नहीं हैं।
हालांकि, युवा बल्लेबाज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपनी जगह बरकरार रखी है। इंग्लैंड दौरे के बाद चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जारी रखा है। वहीं रिंकू सिंह की टीम में वापसी हुई है। वह इंग्लैंड दौरे का हिस्सा नहीं थे, लेकिन अब उन्हें फिर से भारतीय टी20 टीम में मौका मिला है।
इस सीरीज में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है। चयन समिति ने हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर,आशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह जैसे युवा खिलाड़ियों को इस दौरे के लिए मौका दिया है। टीम में अनुभवी खिलाड़ियों की बात करें तो अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, शिवम दुबे और वरुण चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं, जो इस युवा टीम को अनुभव देने का काम करेंगे।
Also Read: LIVE Cricket Score
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की टी20 टीम:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, आशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।