लेफ्ट आर्म स्पिनर अक्षर पटेल (6/38) और ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (3/26) की शानदार गेंदबाजी से भारत ने यहां मोटेरा के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में बुधवार को इंग्लैंड की पहली पारी 112 पर ढेर कर दी। भारत ने डिनर तक बिना विकेट खोए पांच रन बना लिए हैं और वह अभी इंग्लैंड के स्कोर से 107 रन पीछे है। भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट डे-नाईट है और इसे गुलाबी गेंद से खेला जा रहा है। इंग्लैंड के कप्तान जोए रूट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उनके फैसले को गलत साबित कर दिया।

Advertisement

इंग्लैंड की तरफ से सलामी बल्लेबाज जैक क्रावली ने 84 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से सर्वाधिक 53 रन बनाए। भारत की ओर से अक्षर ने 38 रन देकर छह विकेट, अश्विन ने 26 रन देकर तीन विकेट और अपना 100वां टेस्ट खेल रहे तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने 26 रन देकर एक विकेट लिया।

इंग्लैंड को ऑलआउट करने के बाद उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी में डिनर तक बिना विकेट खोए पांच रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा 15 गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच और शुभमन गिल 15 गेंदें खेल खाता खोले बिना क्रीज पर मौजूद हैं।

इंग्लैंड के भारत दौरे में टेस्ट मैच में यह दूसरा सबसे न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले 1979-80 में मुंबई में हुए टेस्ट मैच में इंग्लैंड की पारी 102 रन पर ऑलआउट हुई थी, जो उसका भारत में टेस्ट में न्यूनतम स्कोर था। इसके अलावा इंग्लैंड का भारत के खिलाफ टेस्ट का यह चौथा न्यूतनम स्कोर है।

इससे पहले इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने पहले सत्र में चायकाल तक 81 रन पर ही चार विकेट गंवा दिए थे। इंग्लैंड ने अपने दो रन के स्कोर पर ही अपना पहला विकेट गंवा दिया। डॉमिनिक सिब्ले सात गेंद खेलने के बावजूद खाता नहीं खोल पाए और ईशांत की गेंद पर स्लिप में रोहित को कैच दे बैठे।

Advertisement

इसके बाद बल्लेबाजी करने आए जॉनी बेयरस्टो भी टीम के 27 के स्कोर पर दूसरे बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौट गए। बेयरस्टो भी अपना खाता नहीं खोल पाए और नौ गेंदों का सामना करने के बाद अक्षर की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए।

हालांकि रूट और क्रावली ने तीसरे विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी करके इंग्लैंड को थोड़ी मजबूती दी। लेकिन लंबी होती जा रही इस साझेदारी को अनुभवी आफ स्पिनर अश्विन ने रूट को आउट करके तोड़ा।

रूट भारतीय गेंदबाज अश्विन की गेंद को समझ नहीं पाए और पगबाधा आउट हो गए। आउट होने के बाद रूट ने डीआरएस लिया, जोकि उनके खिलाफ ही गया और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। रूट ने 37 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 17 रन बनाए।

Advertisement

कप्तान रूट के आउट होने के कुछ देर बाद ही क्रावली के धैर्य ने भी जवाब दे दिया और वह भी आउट हो गए। क्रावली टीम के 80 के स्कोर पर चौथे विकेट के रूप में चलते बने। क्रावली को अक्षर ने पगबाधा किया। उन्होंने 53 रनों का योगदान दिया और अपने करियर का चौथा अर्धशतक पूरा किया।

चायकाल के तुरंत बाद ओली पोप को अश्विन ने बोल्ड कर पवेलियन भेजा। पोप ने 12 गेंद में एक रन बनाए। पोप के आउट होने के कुछ देर बाद ही अक्षर ने बेन स्टोक्स को पगबाधा आउट किया। स्टोक्स ने 24 गेंदों पर एक चौके के सहारे छह रन बनाए।

स्टोक्स के बाद अक्षर ने एक बार फिर शानदार गेंदबाजी का परिचय दिया और जोफ्रा आर्चर को बोल्ड कर इंग्लैंड को सातवां झटका दिया। आर्चर ने 18 गेंदों पर 11 रन में दो चौके लगाए। आर्चर के आउट होने के कुछ देर बाद ही अश्विन ने चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच कराकर जैक लीच को आउट किया। लीच ने 14 गेंदें खेल तीन रन बनाए।

Advertisement

अक्षर ने लड़खड़ाती इंग्लैंड की पारी को नौंवां झटका स्टुअर्ट ब्रॉड को जसप्रीत बुमराह के हाथों कैच कराकर दिया। ब्रॉड ने तीन रन बनाए। इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज बेन फोक्स कुछ देर क्रीज पर टिके, लेकिन अक्षर ने बोल्ड कर उन्हें आउट किया और इंग्लैंड की पहली पारी को दूसरा सत्र खत्म होने से पहले ही सिमेट दिया। फोक्स ने 58 गेंदों पर एक चौके की मदद से 12 रन बनाए। 
 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार