रांची, 15 फरवरी | भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सोमवार को झारखंड क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले गए तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला के पहले मैच में श्रीलंका को 107 रनों से मात दी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने स्मृति मंथाना (55) और हरमनप्रीत कौर (50) के अर्धशतकों की मदद से निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 245 रन बनाए। श्रीलंका की टीम 45.2 ओवरों में महज 138 रनों पर ही आउट हो गई।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को सलामी बल्लेबाजों मंथाना और थिरुष कामिनि (23) ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 71 रन जोड़े। कामिनि 71 के कुल स्कोर पर तो मंथाना 98 के कुल स्कोर पर उदेशिका प्रबोधानी का शिकार हुईं। मंथाना ने अपनी पारी में 81 गेंदों का सामना किया और आठ चौके लगाए।

इसके बाद कप्तान मिताली राज (49) ने कौर के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की। मिताली अपने अर्धशतक से एक रन पहले शशिकला श्रीवर्धने का शिकार बनी। कौर को 205 के कुल स्कोर पर अमा कंचना ने आउट किया। कौर ने अपनी पारी में 61 गेंदें खेली और चार चौकों के साथ एक छक्का लगाया।

इनके अलावा झूलन गोस्वामी ने 20, वेदा कृष्णामूर्ती ने 12 और शिखा पांडेय ने 21 रनों का योगदान दिया। श्रीलंका की तरफ से प्रबोधानी और श्रीवर्धने ने दो-दो विकेट लिए। निलकाशी डी सिल्वा और कंचना को एक-एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम को भारत ने एक रन के स्कोर पर ही झटका दे दिया। विकटों का यह सिलसिला रुका नहीं और पूरी टीम 138 के छोटे से स्कोर पर पवेलियन लौट गई। श्रीलंका की तरफ से प्रसादानी विराकोडी ने सबसे ज्यादा 69 रन बनाए। वह एक छोर संभालें रहीं लेकिन दूसरे छोर पर उन्हें साथ नहीं मिला।

भारत की तरफ से पूनम यादव ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। दीप्ती शर्मा और राजेश्वरी गायकवाड़ ने दो-दो विकेट लिए। शिखा को एक विकेट मिला। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ। मंथाना को उनके अर्धशतक के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारत श्रंखला में 1-0 से आगे हो गया है।

एजेंसी

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार