आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन के बाद पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स की संभावित बेस्ट प्लेइंग इलेवन चुनी है। इरफान ने मुंबई के लिए रोहित शर्मा के साथ क्विंटन डी कॉक को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी है। वहीं पंजाब के लिए युवा ओपनर्स के साथ टीम में शामिल नए ऑलराउंडर कूपर कॉनॉली को अहम रोल दिया गया है।
भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने बुधवार (17 दिसंबर) को अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर कर मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स की बेस्ट प्लेइंग इलेवन और इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प चुने हैं।
इरफान पठान ने मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा के साथ क्विंटन डी कॉक को ओपनिंग की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि बेस प्राइस पर क्विंटन डी कॉक जैसे खिलाड़ी को खरीद पाना मुंबई की ऑक्शन रणनीति की मजबूती को दिखाता है। इरफान के मुताबिक, इसमें थोड़ी किस्मत भी शामिल रही, क्योंकि मुंबई काफी समय से ट्रॉफी नहीं जीत पाई है और इस बार टीम संतुलन के साथ किस्मत भी साथ लाना चाहती है।
मिडिल ऑर्डर में इरफान ने तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या को जगह दी है। इसके अलावा नमन धीर और शेरफेन रदरफोर्ड को भी टीम का हिस्सा बनाया गया है। इसके अलावा ऑलराउंड के रुप में लखनऊ से ट्रेड होकर आए शार्दुल ठाकुर को शामिल किया गया है, जिन्हें मुंबई ने ऑक्शन से पहले 2 करोड़ रुपये में अपनी टीम में जोड़ा था।
गेंदबाजी में इरफान ने स्पिन की जिम्मेदारी मयंक मार्कंडे को दी, जबकि तेज गेंदबाजी आक्रमण जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट के साथ पूरा किया। इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प के तौर पर मिचेल सैंटनर, कॉर्बिन बॉश और अल्लाह ग़ज़नफर को रखा गया है।
इरफान पठान की मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा, क्विंटन डी कॉक, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, नामन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, शार्दुल ठाकुर, मयंक मार्कंडे, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट
इम्पैक्ट प्लेयर: मिचेल सैंटनर, कॉर्बिन बॉश, अल्लाह ग़ज़नफर
इसके बाद इरफान पठान ने पंजाब किंग्स की संभावित प्लेइंग इलेवन भी चुनी। उन्होंने प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह को ओपनिंग जोड़ी के रूप में रखा है। मिडिल ऑर्डर में श्रेयस अय्यर, नेहल वढेरा और मार्कस स्टोइनिस को जिम्मेदारी दी गई है।
इरफान ने पंजाब के नए साइनिंग कूपर कॉनॉली को टीम के लिए अहम खिलाड़ी बताया। उनके मुताबिक, जोश इंग्लिस के जाने और ग्लेन मैक्सवेल के संन्यास के बाद टीम को रिप्लेसमेंट की जरूरत थी, जिसे कूपर कॉनॉली पूरा कर सकते हैं। इरफान ने कहा कि कॉनॉली लेफ्ट हैंड बल्लेबाज हैं, बल्ला नीचे रखते हैं और भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने काफी प्रभावित किया था। साथ ही वह लेफ्ट आर्म स्पिन भी करते हैं, जिससे टीम को बैलेंस मिलता है और उनसे मैक्सवेल से ज्यादा निरंतरता की उम्मीद है।
ऑलराउंड विकल्प के तौर पर इरफान ने मार्को यानसेन को चुना, जबकि पिच की स्थिति के हिसाब से हरप्रीत बरार, विजयकुमार विशाक या यश ठाकुर में से किसी एक को मौका देने की बात कही। तेज गेंदबाजी आक्रमण में लॉकी फर्ग्यूसन और अर्शदीप सिंह को शामिल किया गया है। इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प के रूप में युजवेंद्र चहल को रखा गया है।
Also Read: LIVE Cricket Score
इरफान पठान की पंजाब किंग्स की संभावित प्लेइंग प्लेइंग इलेवन
प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, श्रेयस अय्यर, नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, कूपर कॉनॉली, शशांक सिंह, मार्को यानसेन, हरप्रीत बरार/विजयकुमार विशाक/यश ठाकुर, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह
इम्पैक्ट प्लेयर: युजवेंद्र चहल