आईपीएल 2023 के 58वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हराकर एक अहम जीत हासिल कर ली। एडेन मारक्रम की टीम के लिए इस हार का मतलब ये है कि उनके लिए प्लेऑफ के दरवाजे लगभग बंद हो गए हैं। वहीं, इस मैच में हार के बाद भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान ने सनराइजर्स हैदराबाद को जमकर फटकार लगाई है।

Advertisement

पिछले कुछ मुकाबलों में सनराइजर्स की मैनेजमेंट ने तेज़ गेंदबाज उमरान मलिक को प्लेइंग इलेवन में ही नहीं रखा जिसे देखकर ना सिर्फ फैंस बल्कि इरफान पठान भी हैरान रह गए और उन्होंने सनराइजर्स को सरेआम फटकार लगाते हुए कहा कि लीग के सबसे तेज़ गेंदबाज को बाहर बिठाया जा रहा है इसका मतलब ये है कि उन्हें सही से हैंडल नहीं किया गया।

Advertisement

जम्मू-कश्मीर में जन्मे स्पीडस्टर उमरान लगातार 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने के लिए जाने जाते हैं और इसी के चलते उन्हें भारतीय टीम में भी जगह मिली थी लेकिन इस सीजन में उन्हें सनराइजर्स ने लगातार मौके नहीं दिए हैं जोकि हर किसी की समझ से परे है। यही कारण है कि इरफान ने अपनी नाराजगी जताई है। पठान ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा, “लीग का सबसे तेज गेंदबाज बाहर बैठा हुआ है जो मुझे हैरान करता है। उमरान मलिक को उनकी टीम ने अच्छी तरह से हैंडल नहीं किया।”

पठान के इस ट्वीट पर फैंस भी रिएक्ट कर रहे हैं और वो भी सनराइजर्स हैदराबाद को ट्रोल कर रहे हैं। आपको बता दें कि उमरान मलिक को आखिरी बार 29 अप्रैल को दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान खेलते हुए देखा गया था। तब से, उमरान लगातार तीन मुकाबलों की प्लेइंग इलेवन से बाहर हो गए हैं। ऐसे में अब ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या उमरान आखिरी तीन मुकाबलों में वापसी करते हैं या उन्हें बाकी मुकाबलों में भी बेंच पर ही बैठना पड़ेगा।

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार