न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने शनिवार को हेगली ओवल में दूसरे टेस्ट की पहली पारी में भारत के बल्लेबाज ऋषभ पंत का विकेट चटकाने को लेकर बात की। पंत अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 39 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए।

न्यूजीलैंड के पहली पारी में 356 रन के जवाब में जब भारत 96/3 पर मुश्किल में था, तब पंत ने जैकब डफी की गेंद पर लापरवाही भरा शॉट खेला और अपना विकेट फेंककर पवेलियन लौटे। पंत के विकेट ने भारतीय टीम पर अतिरिक्त दबाव डाला। इससे पहले, ऋषभ पंत ने जैकब डफी के ओवर में लॉन्ग-ऑन के ऊपर शानदार छक्का लगाया था। इसके बाद डफी ने अपनी रणनीति बदली और अगले ओवर में बेहतर लाइन-लेंथ के साथ गेंदबाजी की। उन्होंने ऐसी गेंद फेंकी जो अंदर की ओर आ रही थी, लेकिन पंत उसे सही तरीके से नहीं खेल पाए और गेंद को पॉइंट की दिशा में खेलने की कोशिश में गलती कर बैठे।

दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद डफी ने पत्रकारों से कहा, "हां, ऋषभ पंत जैसे बल्लेबाज के खिलाफ आपको अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ता है। वह बार-बार क्रीज से बाहर निकलकर बड़े शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे। मगर मैं इसे लेकर ज्यादा परेशान नहीं था। ऐसे शॉट कभी सफल होते हैं और कभी नहीं।"

उन्होंने आगे कहा, "हमारी कोशिश यही थी कि उन्हें अपनी तय लेंथ से बाहर जाकर शॉट खेलने का मौका न दें। कई बार बल्लेबाज जानबूझकर ऐसा खेलता है ताकि गेंदबाज अपनी लेंथ बदल दे, क्योंकि वही वह चाहता है। इसलिए हमारे लिए जरूरी था कि हम अपनी योजना पर कायम रहें और उनकी रणनीति के मुताबिक प्रतिक्रिया न दें।"

डफी ने कहा, "बल्लेबाज चाहता है कि गेंदबाज अपनी तय योजना से हट जाए और उसकी पसंद की लेंथ पर गेंद डाले। इसलिए हमें इससे प्रभावित नहीं होना चाहिए। शॉर्ट गेंद का इस्तेमाल भी हमारी रणनीति का अहम हिस्सा है, चाहे सामने ऋषभ पंत हों या कोई दूसरा बल्लेबाज। इसी कारण इस तरह की गेंदबाजी हमेशा महत्वपूर्ण रहती है।" डफी ने अपने आठ ओवर के स्पेल में 21 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि काइल जेमीसन ने भी दो विकेट अपने नाम किए।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार