Ind vs Sl, 1st Test: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन सोमवार (17 अगस्त) को स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने अपने टेस्ट करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। श्रीलंका की पहली पारी में केशरा नुवांथा को आउट करते हुए टेस्ट क्रिकेट में अपने 350 विकेट पूरे कर लिए। उनके इस विकेट में यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) का भी खास योगदान रहा।
दरअसल, श्रीलंका की पहली पारी के दौरान 67वें ओवर की चौथी गेंद जडेजा ने ऑफ स्टंप के बाहर डाली, जो टर्न होकर बल्लेबाज से दूर जा रही थी। केशरा नुवांथा ने एक घुटने पर बैठकर गेंद को ऑफ साइड में खेलने की कोशिश की। उन्होंने गेंद को अच्छी तरह टाइम भी किया, लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया।
गेंद सिल्ली पॉइंट पर खड़े यशस्वी जायसवाल के दाहिने घुटने से जा टकराई। गेंद घुटने से लगकर हवा में उछल गई और वहां मौजूद भारतीय टीम के लिए कैच का आसान मौका बन गया। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने अपनी दाईं ओर और थोड़ा पीछे की तरफ दौड़ लगाई और गेंद को सुरक्षित हाथों में लपक लिया। इस तरह नुवांथा की पारी 18 गेंद खेलकर सिर्फ 2 रन पर खत्म हो गई।
VIDEO:
केशारा नुवांथा का विकेट लेते ही जडेजा के टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट पूरे हो गए। वह टेस्ट में 350 विकेट लेने वाले भारत के पहले लेफ्ट आर्म कुल मिलाकर पांचवे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। जडेजा से पहले भारत की ओर से अनिल कुंबले, रविचंद्रन अश्विन, कपिल देव और हरभजन सिंह ही टेस्ट क्रिकेट में 350 या उससे ज्यादा विकेट हासिल कर पाए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके साथ ही जडेजा ने एक और खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह टेस्ट क्रिकेट में 4000 से ज्यादा रन और 350 से ज्यादा विकेट हासिल करने वाले भारत के सिर्फ दूसरे और दुनिया के चौथे भी खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले भारत के कपिल देव, इंग्लैंड के इयान बॉथम और न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी यह खास उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।