आईपीएल 2026 का आगाज़ 28 मार्च से होने जा रहा है और इससे पहले ही पूर्व भारतीय खिलाड़ी सुरेश रैना ने राजस्थान रॉयल्स की संभावित प्लेइंग इलेवन चुनकर चर्चा छेड़ दी है। खास बात यह है कि उनकी टीम में कुछ ऐसे फैसले देखने को मिले हैं, जो काफी अलग और दिलचस्प हैं।
रैना ने हाल ही में चुनी गई राजस्थान रॉयल्स की इस संभावित प्लेइंग इलेवन में ओपनिंग के लिए युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल को चुना है। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद सूर्यवंशी पहले ही सुर्खियों में हैं और जायसवाल के साथ उनकी जोड़ी पावरप्ले में आक्रामक शुरुआत दे सकती है। दोनों लेफ्ट हैंडर्स का कॉम्बिनेशन विरोधी टीमों पर दबाव बना सकता है।
नंबर-3 पर रैना ने कप्तान रियान पराग को जगह दी है। उनका मानना है कि पराग एक अटैकिंग बल्लेबाज के तौर पर टीम को संतुलन दे सकते हैं, खासकर जब ऊपर के दो बल्लेबाज लेफ्ट हैंडर हों। सबसे बड़ा सरप्राइज नंबर-4 पर देखने को मिला, जहां रैना ने रविंद्र जडेजा को रखा है। आमतौर पर निचले क्रम में बल्लेबाजी करने वाले जडेजा को इस पोजिशन पर लाना एक रणनीतिक फैसला हो सकता है।
मिडिल ऑर्डर में शिमरोन हेटमायर को नंबर-5 पर फिनिशर की भूमिका दी गई है, जो अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। वहीं ध्रुव जुरेल को नंबर-6 पर विकेटकीपर की जिम्मेदारी के साथ टीम में शामिल किया गया है, जो जरूरत पड़ने पर पारी को संभाल सकते हैं।
इस प्लेइंग इलेवन का सबसे दिलचस्प पहलू सैम करन की जगह को लेकर बना सस्पेंस है। रैना ने संकेत दिए हैं कि टीम कॉम्बिनेशन के हिसाब से करन की जगह डोनोवन फरेरा को मौका मिल सकता है। हालांकि करन जैसे ऑलराउंडर को बाहर रखना आसान फैसला नहीं होगा, लेकिन विदेशी खिलाड़ियों के स्लॉट को देखते हुए यह एक रणनीतिक कॉल हो सकता है।
गेंदबाजी में रैना ने पेस अटैक को प्राथमिकता दी है। जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर के साथ तुषार देशपांडे और संदीप शर्मा को शामिल किया गया है। वहीं इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर रैना ने भारतीय लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को चुना है। बिश्नोई मिडिल ओवर्स में विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
रैना की आईपीएल 2026 के लिए राजस्थान रॉयल्स की प्रेडिक्टेड प्लेइंग XI:
यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग, रविंद्र जडेजा, शिमरोन हेटमायर, ध्रुव जुरेल, सैम करन/डोनोवन फरेरा, जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा।