आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज के अनुभवी ऑलराउंडर जेसन होल्डर ने गेंद से बड़ा कारनामा कर दिखाया। स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने अपना 100वां टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेकर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही होल्डर इस मुकाम तक पहुंचने वाले पहले कैरिबियन गेंदबाज बन गए।
शनिवार, 7 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए वेस्टइंडीज बनाम स्कॉटलैंड टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में जेसन होल्डर ने अपने करियर का सुनहरा पल दर्ज कर लिया। दूसरी पारी के 14वें ओवर में स्कॉटलैंड के कप्तान रिची बेरिंग्टन को आउट करते ही होल्डर ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह वेस्टइंडीज के पहले गेंदबाज बन गए हैं।
बेरिंग्टन उस समय 42 रन पर बल्लेबाजी करते हुए अच्छी लय में दिख रहे थे और स्कॉटलैंड को संभालने की कोशिश कर रहे थे। होल्डर ने चालाकी भरी शॉर्ट पिच गेंद फेंकी, जिस पर बल्लेबाज़ बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में डीप पॉइंट पर कैच दे बैठे। इस विकेट के साथ ही होल्डर ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया।
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जेसन होल्डर अब 90 मैचों में 101 विकेट चटका चुके हैं। इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 69 मैचों में 162 विकेट और वनडे में 138 मुकाबलों में 159 विकेट दर्ज हैं। टी20 में 100 विकेट पूरा करते ही जेसन होल्डर अब तीनों फॉर्मेट में 100 या उससे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले कुल 6वें गेंदबाज भी बन गए हैं।
वेस्टइंडीज के लिए टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की बात करें तो होल्डर इस लिस्ट में टॉप पर हैं। उनके बाद अकील हुसैन, रोमारियो शेफर्ड और ड्वेन ब्रावो जैसे नाम शामिल हैं।
वेस्टइंडीज के लिए टी20 में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले टॉप-5 गेंदबाज
- 101 विकेट - जेसन होल्डर
- 86 विकेट - अकील हुसैन
- 80 विकेट - रोमारियो शेफर्ड
- 78 विकेट - ड्वेन ब्रावो
- 62 विकेट - अल्जारी जोसेफ
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 182 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था, जिसमें शिमरोन हेटमायर ने 36 गेंदों में 64 रन की विस्फोटक पारी खेली। जवाब में स्कॉटलैंड की टीम 147 रन पर सिमट गई। गेंदबाज़ी में रोमारियो शेफर्ड ने हैट्रिक समेत 5 विकेट झटके, जबकि जेसन होल्डर ने भी 3 अहम विकेट लेकर जीत में बड़ी भूमिका निभाई।