गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में साउथ अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने अपनी घातक गेंदबाजी से मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी को हिला कर रख दिया। इसी दौरान उन्होंने 152.1 किलोमीटर प्रति घेंट की रफ्तार से फेंकी गई एक गेंद से भारतीय स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के स्टंप्स उखाड़कर उनकी पारी खत्म कर दी।
आईपीएल 2026 का 30वां मुकाबला सोमवार (20 अप्रैल) को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला जा रहा है। इस मैच में गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उनके इस फैसले को कगिसो रबाडा ने सही साबित कर दिया।
मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही और रबाडा ने शुरुआती ओवरों में ही टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। उन्होंने पहले डेब्यू कर रहे दानिश मालेवार (2) को पवेलियन भेजा और फिर इनफॉर्म क्विंटन डी कॉक (13) को भी ज्यादा देर टिकने नहीं दिया।
इसके बाद जब सूर्यकुमार यादव क्रीज पर सेट होने की कोशिश कर रहे थे, तब रबाडा ने अपनी रफ्तार का असली जलवा दिखाया। पारी के छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने 152.1 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से एक शानदार गेंद डाली, जो ऑफ स्टंप के बाहर पिच होकर तेजी से अंदर की ओर आई।
सूर्यकुमार इस गेंद को सीधे खेलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वह गेंद की रफ्तार और मूवमेंट को समझ नहीं पाए। बल्ले और पैड के बीच बड़ा गैप रह गया और गेंद सीधा स्टंप्स में जाकर टकराई। देखते ही देखते उनके स्टंप्स बिखर गए और वह 10 गेंदों में 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
VIDEO:
इस विकेट के साथ मुंबई इंडियंस को 44 रन पर ही तीसरा बड़ा झटका लग गया और रबाडा ने गुजरात टाइटंस को शुरुआती बढ़त दिला दी।
टीमें इस मैच के लिए
गुजरात टाइटंस (प्लेइंग XI): साईं सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, वाशिंगटन सुंदर, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक कुमार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा। इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर, अनुज रावत, कुलवंत खजरोलिया और मानव सुथार।
Also Read: LIVE Cricket Score
मुंबई इंडियंस (प्लेइंग XI): दानिश मालेवार, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सेंटनर, कृष भगत, जसप्रीत बुमराह, अल्लाह ग़ज़नफ़र। इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: राज अंगद, अश्विनी कुमार, कॉर्बिन बॉश, मयंक रावत और रघु शर्मा।