T20 World Cup 2026, Sri Lanka vs Ireland: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के छठे मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 163 रन का स्कोर खड़ा किया। टॉप ऑर्डर जल्दी ढहने के बावजूद कुसल मेंडिस ने एक छोर संभालते हुए शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उनके साथ कामिंदु मेंडिस ने तेजी से रन बटोरते हुए स्कोर को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया।
रविवार (8 फरवरी) को आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में खेले जा रहे इस मुकाबले में आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। श्रीलंका की शुरुआत धीमी रही और पथुम निसांका 22 तथा कामिल मिशारा 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मध्यक्रम में पवन रत्नायके (5) और दुनिथ वेलालागे (10) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके, जिससे रन गति पर असर पड़ा।
इसके बाद कुसल मेंडिस ने जिम्मेदारी संभाली और समझदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में नाबाद 56 रन बनाए। दूसरे छोर से कामिंदु मेंडिस ने आक्रामक अंदाज अपनाया और सिर्फ 19 गेंदों में 44 रन ठोक दिए। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 30 गेंदों में 67 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिसके चलते टीम ने 163 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
आयरलैंड की ओर से गेंदबाजी में बैरी मैक्कार्थी और जॉर्ज डॉकरेल ने दो-दो विकेट झटके, जबकि मार्क अडायर और गैरेथ डेलानी को एक-एक सफलता मिली।
टीमें इस मैच के लिए
श्रीलंका (प्लेइंग इलेवन): पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कामिल मिशारा, पवन रत्नायके, दासुन शनाका (कप्तान), कामिंदु मेंडिस, दुनिथ वेलालागे, वानिन्दु हसरंगा, महेश थीक्षाना, दुष्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना।
Also Read: LIVE Cricket Score
आयरलैंड (प्लेइंग इलेवन): पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), रॉस अडायर, हैरी टेक्टर, कर्टिस कैम्फर, लोर्कन टकर (विकेटकीपर), बेन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मार्क अडायर, बैरी मैक्कार्थी, मैथ्यू हम्फ्रीस।