लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। उन्होंने 28 मार्च से शुरू होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 से पहले अपनी ट्रेनिंग शुरू कर दी है। पंत का एक वीडियो भी काफी वायरल हो रहा है जिसमें बाएं हाथ के इस खिलाड़ी को मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ़ इंडिया में भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के अंडर ट्रेनिंग करते हुए देखा जा सकता है।
उनके इस कोलेबोरेशन को सोशल मीडिया पर पहले ही काफी पसंद किया जा रहा है क्योंकि युवी इससे पहले शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य को ट्रेनिंग दे चुके हैं और सभी धाकड़ खिलाड़ी युवी से प्रशिक्षण लेने के बाद अच्छा प्रदर्शन करते हुए भी दिखे। ऐसे में फैंस यही उम्मीद कर रहे हैं कि युवी से मिलने के बाद उन्हे आईपीएल 2026 में भी एक अलग पंत देखन को मिलेंगे।
इस सेशन के दौरान, पंत को बाएं हाथ के गेंदबाजों के खिलाफ थोड़ा खुला रुख अपनाते हुए देखा गया। ये बदलाव उन्हें अटैकिंग स्ट्रोक खेलने और ऑफ साइड से ज़्यादा एंगल तक पहुंचने की ज़्यादा आज़ादी देने के लिए डिज़ाइन किया गया लगता है। ये बदलाव एक टेक्निकल रीसेट की ओर इशारा करता है क्योंकि क्रिकेटर लीग शुरू होने से पहले अपने अप्रोच को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहा है।
Also Read: LIVE Cricket Score
पिछले साल, पंत पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ़ 269 रन बना पाए, जो 2016 में उनके डेब्यू सीज़न के बाद से इस कॉम्पिटिशन में उनका सबसे खराब परफॉर्मेंस था। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी बहुत खराब था, जिसके चलते उन्हें इंडिया के व्हाइट-बॉल सेट-अप से बाहर कर दिया गया लेकिन पंत इस आईपीएल सीजन में धमाका करके एक बार फिर से टीम इंडिया के व्हाइट बॉल सेटअप में जगह बनाना चाहेंगे।