ZIM vs IND 3rd T20I: भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीसरे टी20 मुकाबले में युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव ने पारी की पहली ही गेंद पर ब्रायन बेनेट को आउट कर भारत को शुरुआती सफलता दिलाई। इस विकेट के साथ मयंक ने भारतीय अनुभनी तेज गेंदबादज भुवनेश्वर कुमार के एक खास रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला रविवार (26 जुलाई) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 192 रन बनाए और जिम्बाब्वे के सामने जीत के लिए 193 रनों का लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम को पारी की पहली ही गेंद पर बड़ा झटका लगा। 24 वर्षीय युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव ने 147 KPH की रफ्तार से शानदार गेंद डालते हुए ब्रायन बेनेट को गोल्डन डक पर पवेलियन भेज दिया। मयंक की गेंद शॉर्ट ऑफ लेंथ थी, जो पिच से पड़ने के बाद बाहर की ओर निकली और थोड़ी ऊपर भी उठी। बैकफुट पर खड़े बेनेट ने गेंद को डिफेंड करने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर फर्स्ट स्लिप की तरफ चली गई। वहां वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बाईं ओर छाती की ऊंचाई पर आया शानदार कैच लपक लिया।
गौरतलब है कि मयंक ने इसी सीरीज में दूसरी बार पारी की पहली गेंद पर ब्रायन बेनेट का विकेट लिया है। सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में भी उन्होंने पारी की पहली गेंद पर बेनेट को आउट किया था। अब तीसरे टी20 में भी उन्होंने ठीक यही कारनामा दोहराया।
इस विकेट के साथ मयंक यादव ने टी20 इंटरनेशनल में पारी की पहली गेंद पर विकेट लेने के मामले में भुवनेश्वर कुमार के खास भारतीय रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। दोनों गेंदबाज अब तक 3-3 बार टी20 इंटरनेशनल पारी की पहली गेंद पर विकेट ले चुके हैं। इस लिस्ट में मयंक ने हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने टी20I में 2-2 बार पारी की पहली गेंद पर विकेट हासिल किया है।
टी20 इंटरनेशनल में पारी की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज:
- भुवनेश्वर कुमार – 3 बार
- मयंक यादव – 3 बार
- हार्दिक पांड्या – 2 बार
- अर्शदीप सिंह – 2 बार
- रविचंद्रन अश्विन – 1 बार
Also Read: LIVE Cricket Score
वहीं मुकाबले में इससे पहले भारतीय बल्लेबाजी में युवा वैभव सूर्यवंशी ने 49 गेंदों में 81 रनों की शानदार पारी खेली। उनके अलावा ईशान किशन ने 26 गेंदों में 29 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 18 गेंदों में 27 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि आखिरी ओवरों में रिंकू सिंह ने सिर्फ 14 गेंदों में 25 रन बनाकर टीम के स्कोर को और मजबूत किया। इन पारियों की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया और जिम्बाब्वे के सामने 193 रनों का लक्ष्य रखा।