बांग्लादेश के स्टार स्पिन ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज (Mehidy Hasan Miraz) को भले ही एशियन गेम्स (Asian Games 2026) के लिए टीम में जगह नहीं मिली, लेकिन अब उनके लिए विदेश में टी20 क्रिकेट लीग खेलने का रास्ता खुल गया है। मिराज को कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2026) में खेलने का मौका मिला है।

Advertisement

मेहदी हसन मिराज को गयाना अमेजन वॉरियर्स (Guyana Amazon Warriors) ने अपनी टीम में शामिल किया है। वह टीम में अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी (Mohammad Nabi) की जगह लेंगे। नबी को अफगानिस्तान और भारत के बीच होने वाली तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए अफगानिस्तान के साथ जुड़ना है, जिसके चलते उन्हें CPL टीम से रिलीज किया गया है।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू होने वाली टी20 सीरीज के लिए नबी को अपनी टीम में शामिल किया है। इसके बाद गयाना अमेजन वॉरियर्स ने नबी के विकल्प के तौर पर मिराज को चुना है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मेहदी को एशियन गेम्स के लिए टीम में शामिल नहीं किया है, इसलिए वह फिलहाल किसी इंटरनेशनल असाइनमेंट में व्यस्त नहीं हैं और CPL में  खेलने के लिए उपलब्ध हैं।

गयाना अमेजन वॉरियर्स का अगला मुकाबला 8 सितंबर को एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स के खिलाफ है। इसके अगले दिन यानी 9 सितंबर को सेंट लूसिया किंग्स से मुकाबला होना है। ऐसे में संभावना है कि मिराज को इन दोनों में से किसी एक मैच में डेब्यू का मौका मिल सकता है।

हालांकि मिराज के लिए नबी की जगह भरना आसान नहीं होगा। नबी ने CPL 2026 के इस सीजन में 6 मैचों में 12 विकेट लिए हैं और उनका गेंदबाजी औसत 10.17 रहा है। इस दौरान उन्होंने दो बार चार विकेट लेने का कारनामा भी किया है।

Also Read: LIVE Cricket Score

ऐसा रहा है मेहदी हसन मिराज का T20 रिकॉर्ड
28 साल के मेहदी हसन मिराज ने अब तक अपने टी20 करियर में 176 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने गेंदबाजी में 118 विकेट हासिल किए हैं। उनका गेंदबाजी औसत करीब 31 का है और वह दो बार एक पारी में चार विकेट भी ले चुके हैं। बल्लेबाजी की बात करें तो मिराज के नाम टी20 क्रिकेट में 2320 रन दर्ज हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 17.57 का है और इस दौरान उन्होंने 7 अर्धशतक भी लगाए हैं।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार